
छोटा गम्हरिया में 49वें दुर्गा पूजा की तैयारी शुरू, विधिवत हुआ पंडाल का भूमि पूजन
रिर्पोटर – जगबंधु महतो
दिवंगत सांसद सुनील महतो ने रखी थी पूजा की नींव, बंगाल के कारीगर बनाएंगे काल्पनिक आकर्षक पंडाल
गम्हरिया : श्री श्री सार्वजनिक दुर्गापूजा समिति छोटा गम्हरिया की ओर से आगामी दुर्गापूजा महोत्सव की तैयारियों का रविवार को विधिवत शुभारंभ हुआ। पूजा पंडाल निर्माण के लिए वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच भूमिपूजन कर नींव रखी गई। इस दौरान स्थानीय पंडित देबू मुखर्जी ने विधिवत पूजा-अर्चना संपन्न कराई। पूजा के बाद कमेटी के सदस्यों ने ध्वजारोहण कर पंडाल निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
समिति के अध्यक्ष सुसेन महतो ने बताया कि छोटा गम्हरिया में पिछले 49 वर्षों से लगातार दुर्गापूजा का आयोजन होता आ रहा है। उन्होंने बताया कि इस पूजनोत्सव की शुरुआत पूर्वी सिंहभूम के दिवंगत सांसद सुनील महतो द्वारा की गई थी। इसी परंपरा को आगे बढ़ाते हुए समिति इस वर्ष भी भव्य आयोजन की तैयारी में जुट गई है।
अध्यक्ष ने बताया कि इस वर्ष पश्चिम बंगाल के प्रसिद्ध कारीगरों द्वारा लगभग 10 लाख रुपये की लागत से काल्पनिक थीम पर भव्य पूजा पंडाल का निर्माण कराया जा रहा है। आकर्षक कलाकारी और भव्य सजावट से तैयार होने वाला यह पंडाल दुर्गापूजा के दौरान श्रद्धालुओं के लिए विशेष आकर्षण का केंद्र रहने की उम्मीद है।
भूमिपूजन कार्यक्रम को लेकर समिति के सदस्यों और स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला। समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि पंडाल निर्माण के साथ-साथ विद्युत सज्जा, पूजा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधा से जुड़ी तैयारियों को भी जल्द गति दी जाएगी।
इस अवसर पर समिति के सचिव फूलकांत झा, कोषाध्यक्ष बाबू मिश्रा, ग्राम प्रधान सूरज लाल महतो, अमृत महतो, मोनू झा, रवि कर्मकार, रिंकू ठाकुर, पिंटू सिंह, निर्मल महतो, माधव महतो, विकास कुमार शर्मा समेत समिति के सभी सदस्य एवं स्थानीय गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
