
पुराना चतरा रिंग रोड के समीप नए बाजार का शुभारंभ, ग्रामीणों को मिलेगी बड़ी सुविधा

Arjun Kumar….✍️
अनगड़ा(रांची) । राजधानी रांची के अनगड़ा प्रखंड अंतर्गत चतरा पंचायत के पुराना चतरा रिंग रोड के समीप नए बाजार का शुभारंभ खिजरी के पूर्व विधायक रामकुमार पाहान एवं जिला परिषद सदस्य अनुराधा मुंडा की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर घोषित ग्राम प्रधान शशिकांत पाहान ने विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर बाजार का उद्घाटन कराया। पूर्व मुखिया सोहन मुंडा के नेतृत्व में शुरू किए गए इस नए बाजार के संचालन के लिए बाजार समिति का भी गठन किया गया है, जिसका विस्तार आगामी दिनों में किया जाएगा।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि बाजार शुरू होने से आसपास के गांवों के लोगों को सब्जी एवं दैनिक जरूरत की वस्तुओं की खरीद-बिक्री के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। इससे किसानों को अपनी उपज बेचने के लिए स्थानीय स्तर पर बेहतर बजार उपलब्ध होगा और दुकानदारों को भी व्यापार बढ़ाने का अवसर मिलेगाब। पूर्व मुखिया सोहन मुंडा ने कहा कि ग्रामीणों की लंबे समय से मांग थी कि क्षेत्र में एक स्थायी बाजार की व्यवस्था हो। सभी ग्रामीणों के सहयोग से इसकी शुरुआत की गई है। उन्होंने कहा कि आने वाले दिनों में बाजार समिति का विस्तार कर बाजार को और व्यवस्थित किया जाएगा।
वहीं, सिरका पंचायत के मुखिया रोशन मुंडा ने कहा कि नए बाजार से आसपास के कई गांवों के लोगों को सीधा लाभ मिलेगा। इससे स्थानीय व्यापार को बढ़ावा मिलेगा और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी। उन्होंने इसे क्षेत्र के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। नए बाजार के शुभारंभ के बाद पहले ही दिन लोगों में काफी उत्साह देखने को मिला। बाजार में ताजी सब्जियों और घरेलू उपयोग की सामग्री की दुकानें सजी रहीं। ग्रामीण महिलाएं और पुरुष खरीदारी करते नजर आए, वहीं सब्जी विक्रेताओं में भी अच्छी बिक्री को लेकर उत्साह देखा गया। स्थानीय लोगों को उम्मीद है कि आने वाले समय में यह बाजार क्षेत्र का प्रमुख व्यापारिक केंद्र बनकर उभरेगा।

