
बारिश में कच्चा मकान ढहा, परिवार के सामने घर और बेटियों की शादी का संकट
Arjun Kumar…..✍️
अनगड़ा(राँची) । प्रखंड के हेसल पंचायत अंतर्गत जमुवारी गांव में पिछले कई दिनों से हो रही भारी बारिश के बीच एक गरीब परिवार का मिट्टी का कच्चा मकान पूरी तरह ध्वस्त हो गया। मकान गिरने के बाद रामप्रीत पाहन के परिवार के सामने रहने की गंभीर समस्या उत्पन्न हो गई है। परिवार के पास अब सिर छिपाने के लिए सुरक्षित छत नहीं है।
बताया गया कि रामप्रीत पाहन, पिता फगुवा पाहन का मकान लगातार बारिश के कारण कमजोर होकर अचानक ढह गया। मकान के ध्वस्त होने से परिवार की मुश्किलें और बढ़ गई हैं। रामप्रीत पाहन के तीन बच्चे हैं, जिनकी अभी शादी नहीं हुई है। परिवार पहले से ही आर्थिक परेशानी से जूझ रहा है और अब मकान दोबारा बनवाने के साथ बच्चों की शादी की जिम्मेदारी भी सामने खड़ी है।
घर बनाएं या बेटियों की शादी करें, परिवार के सामने दोहरी चिंता
परिवार का कहना है कि बारिश ने पहले ही आशियाना छीन लिया है। ऐसे में सबसे बड़ी चिंता यह है कि सीमित आर्थिक संसाधनों में पहले घर बनाया जाए या बेटियों की शादी की जिम्मेदारी पूरी की जाए। परिवार ने प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सहायता उपलब्ध कराने की मांग की है। रामप्रीत पाहन ने प्रशासन से नम्र निवेदन करते हुए कहा कि परिवार की स्थिति को देखते हुए आवास उपलब्ध कराने की दिशा में पहल की जाए, ताकि बारिश के मौसम में परिवार को सुरक्षित छत मिल सके । ग्रामीणों ने भी प्रशासन से पीड़ित परिवार का स्थल निरीक्षण कर आवश्यक सहायता उपलब्ध कराने तथा सरकारी आवास योजना का लाभ दिलाने की मांग की है।
