Advertisements
Spread the love

एसबीयू में एनएसएस विशेष शिविर का समापन, हुए जागरूकता कार्यक्रम

Arjun kumar….✍️

नामकुम(राँची) । सरला बिरला विश्वविद्यालय, रांची की एनएसएस इकाई द्वारा आयोजित सात दिवसीय विशेष शिविर का समापन हो गया। शिविर में स्वास्थ्य, शिक्षा, विज्ञान, डिजिटल सुरक्षा और सरकारी योजनाओं से जुड़े कार्यक्रमों के माध्यम से ग्रामीणों एवं विद्यार्थियों को जागरूक किया गया।
शिविर के दौरान 10 एवं 11 सितंबर को क्यूररेबा की चिकित्सकीय टीम ने टीबी, कुष्ठ रोग और गैर-संक्रामक रोगों के संबंध में खास जानकारी दी। ग्रामीणों की मधुमेह और रक्तचाप की जांच की गई तथा नियमित स्वास्थ्य जांच और संतुलित जीवनशैली के महत्व से अवगत कराया गया। इस दौरान आराम आई हॉस्पिटल की टीम द्वारा लगाए गए नेत्र जांच शिविर में करीब 52 लोगों की आंखों की जांच की गई और आवश्यक चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। शिविर में स्थानीय विद्यालयों के विद्यार्थियों के लिए विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी से संबंधित कार्यक्रम भी आयोजित किए गए। इसमें सहायक प्राध्यापिका डॉ. सग्निका प्रधान ने रसायन विज्ञान के विभिन्न प्रयोगों का प्रदर्शन किया। प्रयोगों को रोचक तरीके से प्रस्तुत किए जाने से विद्यार्थियों में विज्ञान के प्रति उत्सुकता देखने को मिली । कार्यक्रम में डॉ. संजीव कुमार ने रोबोटिक्स और रोबोट की कार्यप्रणाली की जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीक के उपयोग और इसके व्यावहारिक पक्षों से परिचित कराया। शिविर में साइबर सुरक्षा को लेकर भी जागरूकता कार्यक्रम हुआ। लोगों को ऑनलाइन ठगी, फर्जी संदेश और संदिग्ध लिंक से सावधान रहने तथा डिजिटल माध्यमों का सुरक्षित इस्तेमाल करने के उपाय बताए गए। इसके साथ ही विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं की पात्रता और लाभ लेने की प्रक्रिया की जानकारी दी गई। सात दिनों के दौरान एनएसएस स्वयंसेवकों ने स्थानीय समुदाय के साथ मिलकर स्वास्थ्य, स्वच्छता, शिक्षा और सामाजिक जागरूकता से जुड़ी गतिविधियों में भाग लिया। कार्यक्रमों के माध्यम से स्वयंसेवकों को सामाजिक जिम्मेदारी और सामुदायिक सहभागिता का व्यावहारिक अनुभव भी मिला। इस दौरान प्रो श्वेता कुमारी, यूबीए कॉर्डिनेटर डॉ. मुकेश सिंह के अलावा मुखिया  सुखराम कुमार का सक्रिय योगदान रहा। शिविर के समापन समारोह के दौरान विश्वविद्यालय के पदाधिकारी, शिक्षक, एनएसएस स्वयंसेवक, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में स्थानीय ग्रामीण उपस्थित रहे। इस अवसर पर शिविर की गतिविधियों की समीक्षा की गई और स्वयंसेवकों के योगदान की सराहना की गई। सरला बिरला विश्वविद्यालय के  प्रतिकुलाधिपति  बिजय कुमार दलान, महानिदेशक प्रो गोपाल पाठक, माननीय कुलपति प्रो सी जगनाथन एवं माननीय राज्यसभा सांसद सह निदेशक प्लानिंग एंड डेवलपमेंट डॉ. प्रदीप कुमार वर्मा ने शिविर के सफलतापूर्वक आयोजन पर आयोजक मंडली को शुभकामना संदेश प्रेषित किया है।

You missed