Advertisements
Spread the love

राजकीय जनजातीय हिजला मेला महोत्सव–2026 की तैयारियों की समीक्षा

Advertisements

दुमका संवाददाता -मौसम गुप्ता

दुमका : राजकीय जनजातीय हिजला मेला महोत्सव–2026 की तैयारियों को लेकर उपायुक्त अभिजीत सिन्हा ने हिजला मेला परिसर में सभी वरीय पदाधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में मेला की विभिन्न व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई।

बैठक में जानकारी दी गई कि मेला का उद्घाटन 13 फरवरी को पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ किया जाएगा। मेला के दौरान आयोजित होने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों हेतु कला दल का चयन कर लिया गया है।

उपायुक्त ने कृषि प्रदर्शनी को और अधिक उपयोगी बनाने का निर्देश देते हुए कहा कि इसमें स्ट्रॉबेरी, मशरूम एवं दलहन पर विशेष फोकस किया जाए। बताया गया कि मेला में लगभग 100 स्टॉल बनाए गए हैं।

स्वास्थ्य विभाग द्वारा मेला अवधि के दौरान 24×7 स्वास्थ्य शिविर संचालित किया जाएगा। इसके साथ ही 108 एम्बुलेंस सेवा एवं मेडिकल टीम की प्रतिनियुक्ति की जाएगी।

भवन प्रमंडल द्वारा जानकारी दी गई कि मेला परिसर में रंगाई-पुताई का कार्य पूर्ण कर लिया गया है। वहीं, नगर परिषद द्वारा मेला परिसर की साफ-सफाई हेतु पर्याप्त संख्या में सफाई कर्मियों की प्रतिनियुक्ति की जाएगी तथा मेला क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में डस्टबिन लगाए जाएंगे।

उपायुक्त ने निर्देश दिया कि मेला परिसर में पेयजल की समुचित व्यवस्था, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, तथा सभी विद्युत तारों एवं उपकरणों की जांच सुनिश्चित की जाए।जानकारी दी गयी कि मेला क्षेत्र में कुल 21 स्थायी एवं 24 अस्थायी शौचालय उपलब्ध रहेंगे।

इसके अतिरिक्त परिवहन एवं पार्किंग व्यवस्था, मेला क्षेत्र में पर्याप्त संख्या में साइनेज लगाने, सीसीटीवी कैमरों की स्थापना एवं सतत मॉनिटरिंग, तथा तोरण द्वारों की मजबूती एवं विद्युत सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

इससे पूर्व उपायुक्त द्वारा सम्पूर्ण मेला क्षेत्र का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का अवलोकन किया गया।

इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक पीताम्बर सिंह खेरवार ने कहा कि स्थानीय लोगों के सहयोग से मेला का आयोजन बेहतर एवं सुरक्षित ढंग से किया जाएगा।

You missed