
सरकारी दफ्तरों की सड़क बनी तालाब, बारिश में आवागमन हुआ दूभर

रांची, नामकुम । सदाबहार चौक स्थित दुर्गा मंदिर से लेकर झारखंड कर्मचारी चयन आयोग (JSSC) कार्यालय तक की सड़क की जर्जर स्थिति आम लोगों के लिए सिरदर्द बनी हुई है। इसी मार्ग पर कई प्रमुख सरकारी कार्यालय स्थित हैं, जहां प्रतिदिन सैकड़ों लोग आवाजाही करते हैं। मात्र थोड़ी सी बारिश होते ही इस सड़क पर घुटनों तक पानी भर जाता है। सड़क की स्थिति इतनी खराब है कि कई लोग फिसलकर चोटिल हो चुके हैं। कुछ मामलों में तो हाथ-पैर टूटने जैसी गंभीर दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं। यह मार्ग जनप्रतिनिधियों के आवागमन का भी प्रमुख रास्ता है। बावजूद इसके, अब तक इस सड़क की सुध किसी ने नहीं ली है। न तो स्थानीय जनप्रतिनिधि और न ही सरकार इसे दुरुस्त करने को लेकर सजग दिख रही है। कई बार सांसद और विधायकों को आवेदन दिया जा चुका है, परंतु कोई ठोस पहल नहीं हुई। स्थानीय लोगों ने एक बार फिर उम्मीद जताते हुए राज्यसभा सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा को एक आवेदन सौंपा है। इसी क्रम में आज झारखंड राज्य बाल संरक्षण आयोग की पूर्व अध्यक्ष एवं पूर्व जिला परिषद सदस्य श्रीमती आरती कुजूर के नेतृत्व में एक बैठक आयोजित की गई। बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया कि माननीय सांसद डॉ. प्रदीप वर्मा को पुनः इस समस्या से अवगत कराकर जल्द से जल्द सड़क निर्माण की मांग की जाएगी। इस अवसर पर बरगांवा की मुखिया अनीता तिर्की, उप मुखिया सुबोध सिंह, राकेश कुमार, अरुण सिंह, चंद्र किशोर झा, प्रकाश किंडो, पुष्पा टोप्पो, लोलास कुजूर, सुभानी मिंज, सरदार झा, साधो उरांव, नवल सिंह, राजू शर्मा, उषा वर्मा, नीरज वर्मा, रविंद्र कुमार, अशोक पाठक, पशुपति झा, राजेश कुमार, वीरेंद्र कुमार समेत कई स्थानीय लोग मौजूद रहे।
Related posts:

