Spread the love

महिला दिवस पर आरएसबी ग्लोबल ने दिया समानता और समावेशिता का संदेश, 1,500 से अधिक लोगों ने लिया हिस्सा

रिपोर्टर – जगबंधु महतो

गम्हरिया : आरएसबी ग्लोबल ने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर “सशक्त संगठित: विविधता, समानता और समावेशिता की शक्ति” थीम के तहत एक भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया। यह आयोजन न केवल महिलाओं के योगदान को सम्मानित करने का अवसर बना, बल्कि कंपनी की समावेशी कार्य संस्कृति के प्रति प्रतिबद्धता को भी दर्शाया। कार्यक्रम की मुख्य अतिथि साध्वी अमरजीत शेरगिल, महामंडलेश्वर, किन्नर अखाड़ा ने ट्रांसजेंडर समुदाय द्वारा झेले जाने वाले सामाजिक और व्यावसायिक संघर्षों पर प्रकाश डाला। उन्होंने आरएसबी ग्लोबल की समावेशी नीतियों की सराहना की और कार्यस्थल पर सभी के लिए समान अवसरों की जरूरत को रेखांकित किया। विशेष अतिथि साध्वी हिमांशी ने भी समानता और विविधता के महत्व पर विचार साझा किए। उन्होंने कहा कि समाज में सकारात्मक बदलाव लाने के लिए प्रत्येक व्यक्ति को अपनी भूमिका निभानी होगी। इस भव्य आयोजन में 1,500 से अधिक लोग शामिल हुए जिनमें कर्मचारी, उनके परिवारजन और वरिष्ठ नेतृत्व के परिजन उपस्थित थे। कार्यक्रम के दौरान कर्मचारियों और उनके परिवारजनों ने रंगारंग सांस्कृतिक और शिक्षाप्रद प्रस्तुतियाँ दीं जो दर्शकों को खूब पसंद आईं। इन प्रस्तुतियों को एचआर टीम के सहयोग से तैयार किया गया था जिससे संगठन की एकजुटता और मजबूत कार्य संस्कृति की झलक मिली। आरएसबी ग्लोबल महिलाओं की भागीदारी को बढ़ावा देने और एक समानता-आधारित कार्यस्थल विकसित करने की दिशा में सक्रिय रूप से कार्य कर रहा है। कंपनी का मानना है कि महिलाओं का सशक्तिकरण न केवल कार्यस्थल की उत्पादकता और नवाचार को बढ़ाता है, बल्कि इसे अधिक सामंजस्यपूर्ण भी बनाता है। यह आयोजन सिर्फ महिला दिवस के उत्सव तक सीमित नहीं था बल्कि यह आरएसबी ग्लोबल की उस प्रतिबद्धता का प्रमाण था जहां हर व्यक्ति चाहे उसका लिंग या पहचान कुछ भी हो समान अवसरों के साथ आगे बढ़ सकता है।

You missed