Spread the love

मंत्री चंपाई सोरेन के बेहद करीबी माने जाने वाले प्रखंड बीस सूत्री अध्यक्ष धर्मा मुर्मू की

सड़क दुर्घटना में हुई मौत; घंटो जाम रहा चाईबासा-हाता मुख्य मार्ग…

सरायकेला। राजनगर थाना अंतर्गत हाता-चाईबासा मुख्य मार्ग (एनएच 220) पर गुरुवार को घटी एक सड़क दुर्घटना में मंत्री चंपाई सोरेन के राजनगर विधायक प्रतिनिधि 48 वर्षीय धर्मा मुर्मू की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। घटना राजनगर ब्लॉक चौक के समीप सुबह लगभग 9:00 बजे हुई। विधायक प्रतिनिधि धर्मा मुर्मू राजनगर ब्लॉक मार्ग से बाइक( जेएच 05 सीक्यू 1544) से आ रहे थे। इसी दरमियान मुख्य सड़क पर अचानक पहुंचते ही टाटा से चाईबासा की ओर जा रही ट्रिप ट्रेलर भारी वाहन( एनएल 01 एसी 6294) के चपेट में आ गये। वाहन के डाला पर उनका सर जोरदार टकराया। जिससे घटनास्थल पर ही धर्मा मुर्मू की मौत हो गई। घटना के बाद वाहन छोड़कर चालक फरार हो गया। आनन फानन में स्थानीय पुलिस ने शव को उठा कर थाना ले आई। घटनास्थल थाना और सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र से चंद कदम की दूरी पर थी। परंतु पुलिस ने अस्पताल में शव को नहीं पहुंचाया और सीधे थाना ले आयी। घटना के आधा घंटा बाद भी शव की शिनाख्त नहीं हो पाई थी। लेकिन जैसे ही शव की पहचान विधायक प्रतिनिधि धर्मा मुर्मू के रूप में हुई। पुलिस ने भीड़ जुटने की आशंका से बिना उनके परिजनों को सूचना दिए ही शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला रवाना कर दिया। जबकि धर्मा मुर्मू का घर राजनगर मुख्य बाजार में ही गमदेसाई के टोला बड़ेडीह में स्थित है। जिससे आक्रोशित पार्टी कार्यकर्ता और स्थानीय लोगों ने थाना में आकर घेराव किया और शव को वापस लाने की मांग की। जिसके बाद मौके पर अनुमंडल अधिकारी राम कृष्ण कुमार पहुंचे और शव को आधे रास्ते से वापस करवाया। इसके बाद स्वजनों एवं लोगों ने सड़क पर ही शव को रखकर प्रदर्शन किया। घटना के बाद पार्टी कार्यकर्ता और जनप्रतिनिधियों का हुजूम उमड़ा। परिजनों का रो रो कर बुरा हाल रहा। धर्मा मुर्मू के एक बेटी और दो बेटे हैं। तीनों बच्चे पढ़ाई करते हैं। घर में एक मात्र कमाने वाला मुर्मू ही था।

Advertisements
Advertisements

प्रशासन और पीड़ित पक्षों के बीच हुई वार्ता 5 घंटे बाद हटा जाम:-
घटना के बाद मुआवजा सहित अन्य मांगों को लेकर एसडीओ राम कृष्ण कुमार की उपस्थिति में पीड़ित पक्ष एवं जनप्रतिनिधियों के साथ प्रशासन ने बैठक की और मुआवजा एवं मृतक के आश्रित बेटे को बालिग होने के उपरांत नौकरी सुनिश्चित करने की लिखित आश्वासन प्रशासन ने दिया। जिसके बाद लगभग 5 घंटे के उपरांत शाम 3:00 बजे हाता चाईबासा मुख्य मार्ग से जाम हटा। इस दौरान दोनों और वाहनों की लंबी कतार लग गई। वार्ता में चंपाई सोरेन के पुत्र सिमल उर्फ वकील सोरेन, जिला अध्यक्ष डॉ शुभेंदु महतो, प्रखंड प्रमुख ओलिभ ग्रेस कुल्लू, समाजसेवी केपी सोरेन, कांग्रेस जिला अध्यक्ष विशु हेंब्रम, झामुमो बुद्धिजीवी मंच के जिलाध्यक्ष छायाकांत गोराई, केंद्रीय सदस्य गोपाल महतो, कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष मोतीलाल गौड़, स्थानीय मुखिया राजो टुडू, सरायकेला विधायक प्रतिनिधि सनद आचार्य, लिपू महंती समेत राजनगर प्रखंड के कार्यकर्ता डोबरो देवगम, हीरालाल सतपथी, करमु पान, नींबू प्रधान, मार्शल पुर्ती, सागेन टूडू सहित अन्य उपस्थित रहे।