Spread the love

दलमा जंगल में पुलिस का बड़ा ऑपरेशन, दो हार्डकोर माओवादी गिरफ्तार

Advertisements
Advertisements

रिर्पोटर – जगबंधु महतो

सरायकेला । सरायकेला-खरसावां जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कांड्रा थाना कांड संख्या 18/2026 के अनुसंधान के क्रम में पुलिस ने प्रतिबंधित भाकपा माओवादी संगठन के सब जोनल कमेटी सदस्य रवि सिंह सरदार उर्फ सागर सिंह सरदार उर्फ बिरसेन सिंह उर्फ छोटा विजय (28) तथा रीजनल कमेटी सदस्य सह बंगाल-झारखंड-उड़ीसा सीमांत कमेटी के सदस्य मदन महतो चरण उर्फ शंकर महतो (54) को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी के निर्देश पर पुलिस, कोबरा 209 और 26वीं वाहिनी एसएसबी की संयुक्त टीम ने अभियान चलाया। गिरफ्तार माओवादियों से पूछताछ के बाद उनकी निशानदेही पर कुचाई थाना क्षेत्र के सिकरबसा जंगल तथा चांडिल थाना क्षेत्र के आसनबनी के ऊपर स्थित दलमा जंगल में छापेमारी की गई। यहां जंगल में छिपाकर रखे गए हथियार, गोली-बारूद और विस्फोटक बरामद किए गए।

पुलिस के अनुसार, अभियान में दो .303 राइफल, एक इंसास राइफल, एक एसएलआर, दो देशी पिस्टल, विभिन्न हथियारों की मैगजीन तथा कुल 309 जिंदा गोलियां बरामद हुई हैं। इसके अलावा एक आईईडी और दो डेटोनेटर भी मिले, जिन्हें बीडीएस टीम ने मौके पर निष्क्रिय कर दिया।

बरामदगी में 7.62 एमएम की 171, 5.56 एमएम की 126 तथा 9 एमएम की 12 जिंदा गोलियां शामिल हैं। पुलिस ने बताया कि बरामद हथियारों और विस्फोटक सामग्री का इस्तेमाल माओवादी संगठन द्वारा सुरक्षा बलों के खिलाफ किया जाना था।

अभियान में सरायकेला व चांडिल के एसडीपीओ समेत कांड्रा, चांडिल, नीमडीह, सरायकेला, खरसावां, कुचाई, चौका, कपाली और गम्हरिया थाना की पुलिस टीम तथा कोबरा 209 और एसएसबी के जवान शामिल थे।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि दोनों माओवादियों की गिरफ्तारी और भारी मात्रा में हथियारों की बरामदगी से क्षेत्र में सक्रिय माओवादी नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। मामले में बीएनएस, आर्म्स एक्ट, सीएलए एक्ट, यूएपी एक्ट एवं विस्फोटक पदार्थ अधिनियम की धाराओं के तहत आगे की कार्रवाई की जा रही है।

You missed