Spread the love

गम्हरिया पुलिस की बड़ी कार्रवाई: बिना नंबर बाइक से ब्राउन शुगर की तस्करी करते दो युवक गिरफ्तार, 12 ग्राम नशीला पदार्थ बरामद

Advertisements
Advertisements

रिर्पोटर – जगबन्धु महतो

गम्हरिया । सरायकेला-खरसावां जिले में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गम्हरिया थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए दो युवकों को कथित रूप से ब्राउन शुगर के साथ गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों के पास से कुल 12 ग्राम ब्राउन शुगर तथा बिना नंबर प्लेट की एक मोटरसाइकिल बरामद की गई है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय से जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 9 अगस्त 2026 की शाम करीब 5:30 बजे गम्हरिया थाना क्षेत्र स्थित केरला पब्लिक स्कूल के विपरीत दिशा में अटका-जैन यूनिवर्सिटी जाने वाली सड़क पर सालडीह गांव के आगे जंगलनुमा क्षेत्र में पुलिस टीम ने संदिग्ध गतिविधि देखी। पुलिस को सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति बिना नंबर की मोटरसाइकिल से वहां पहुंचे हैं । इसके बाद पुलिस कर्मियों ने दोनों को रोककर पूछताछ की। मोटरसाइकिल से संबंधित कागजात मांगने पर दोनों कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। तलाशी के दौरान कलीम खान (करीब 20 वर्ष) के पास से एक सफेद पारदर्शी प्लास्टिक के पाउच में पैक 9 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद किया गया। वहीं प्रदीप महतो (25 वर्ष) के पास से 3 ग्राम ब्राउन शुगर बरामद होने की बात पुलिस ने कही है । पुलिस ने बरामद नशीले पदार्थ और मोटरसाइकिल को विधिवत जब्त कर लिया। मामले में गम्हरिया थाना कांड संख्या 60/26 के तहत NDPS Act की धारा 17(b), 21(b), 27(a) तथा BNS की संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कलीम खान, पिता मोहम्मद जलालुद्दीन, निवासी जीवीनपुर थाना सरायकेला तथा प्रदीप महतो, पिता स्व. पुरनानी महतो, निवासी कोलाबिरा बस्ती थाना सरायकेला के रूप में की गई है । पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों का पूर्व में कोई आपराधिक इतिहास नहीं है। इस कार्रवाई में पुलिस अधिकारियों एवं जवानों की टीम शामिल रही। मामले में संलिप्त अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।

You missed