Spread the love

मंत्री बन्ना गुप्ता के द्वारा सदर अस्पताल सरायकेला से “मिशन इंद्रधनुष 5.0” कार्यक्रम का किया गया शुभारम्भ…

फ्रंटलाइन वर्कर एवं सहिया दीदियों के सहयोग से क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं; इनके मांग पर विचार कर रही है सरकार: बन्ना गुप्ता।

सरायकेला – संजय मिश्रा

Advertisements

“मिशन इंद्रधनुष 5.0” अभियान के प्रथम चरण का विधिवत शुभारंभ सरायकेला-खरसावां जिले के सदर अस्पताल परिसर से स्वास्थ्य, चिकित्सा, शिक्षा एवं परिवार कल्याण मंत्री झारखंड सरकार बन्ना गुप्ता के द्वारा किया गया। कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ मंत्री बन्ना गुप्ता, उपायुक्त रविशंकर शुक्ला, अपर उपायुक्त सुबोध कुमार, सिविल सर्जन डॉ अजय कुमार सिन्हा, अनुमंडल पदाधिकारी सरायकेला राम कृष्ण कुमार के द्वारा संयुक्त रूप से द्वीप प्रज्वलित कर किया गया। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त रवि शंकर शुक्ला ने मुख्य अतिथि एवं विशिष्ट अतिथियों का स्वागत करते हुए कहा कि मंत्री की उपस्थिति से फ्रंटलाइन वर्कर सहिया दीदियों का उत्साह बढ़ा है। उपायुक्त ने कहा कि अभियान के सफल संचालन को लेकर प्रखंड स्तर पर माइक्रो प्लान तैयार किया गया है।

अभियान को सफल बनाने में हमारे फ्रंटलाइन वर्कर्स एवं क्षेत्र में कार्य करने वाले दीदियों का अहम योगदान होगा। इस दौरान सिविल सर्जन डॉ अजय कुमार सिन्हा नें कार्यक्रम के संबंध में जानकारी देते हुए बताया कि अभियान के तहत तीन चरण 7 से 12 अगस्त, 11 से 16 सितंबर एवं 9 से 14 अक्टूबर को गर्भवती महिलाओं एवं 5 वर्ष से कम उम्र के बच्चों का टीकाकरण किया जायेगा। उन्होंने बताया कि अभियान के तहत जिले में 0 से 2 वर्ष के 2379 बच्चे, 2 से 5 साल के 515 बच्चे एवं 550 गर्भवती महिलाओं के छूटे हुए टीकाकरण किया जायेगा।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि अभियान चलाकर गर्भवती महिलाओं एवं शिशुओं के छूटे हुए टीकाकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि अभियान का मुख्य उद्देश्य गर्भवती माताओं एवं शिशुओं को विभिन्न प्रकार की 11 जानलेवा बीमारियों से बचाव हेतु टीकाकरण सुनिश्चित करना है। मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि स्वास्थ्य की दशा-दिशा मजबूत करने के लिए राज्य सरकार लगातार कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि हम जरूर ट्राइबल और पिछड़ा स्टेट है। परन्तु हमारा एडवांस/पूर्ववर्ती प्लानिंग वाला सोच है। और हम एडवांस/पूर्ववर्ती प्लानिंग में काम करने वाले लोग है।

जब हम शिशु-मातृ मृत्यु दर, संस्थागत प्रसव, काला जार, पोलियो की समीक्षा करते है, फाईलेरिया की समीक्षा करते है या हमने पूर्व मे कोविड जैसे महामारी को झेला है तब समझ आया है कि जब सारी दुनिया डरती थी, तब आपने अपनी सूझ बुझ मेहनत के साथ स्वास्थ्य की दिशा-दशा और मानवता को जीवित रखने के लिए आप लोगों ने जान की बाजी लगाई है। पहले लोग कहते थे कि स्वास्थ्य सुविधा केवल निजी हाथों के स्वास्थ्य विभाग सुरक्षित होते हैं, लेकिन मैं दावे के साथ कहता हूं कि निजी क्षेत्रों में भी 25% साथ दिया और 75% लोगो नें आत्म समर्पण किया। तब स्वास्थ्य विभाग और आप लोगों ने जान की बाजी लगाकर झारखंड की जनता को बचाने का काम किया है।

अपने संबोधन क्रम में उन्होंने कहा कि हमारे फ्रंटलाइन वर्कर एवं सहिया दीदियों के सहयोग से क्षेत्र में बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं प्रदान की जा रही है। हमारे सहिया दीदियों की मांग पर हम विचार कर रहे है। मुख्यमंत्री एवं केंद्रीय मंत्री के समक्ष इनके मानदेय बढ़ोतरी सम्बन्धित बिन्दुओं को रखा गया है। जल्द ही उचित निर्णय लिया जायेगा। इस दौरान मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा कि “मिशन इंद्रधनुष 5.0” के सफल संचालन एवं शत प्रतिशत टीकाकरण के लक्ष्य को हासिल करने को लेकर स्वास्थ्य विभाग समेत अन्य संबंधित विभागों को आपस में समन्वय बनाकर मुहिम के तहत कार्य करने की आवश्यकता है। कार्यक्रम के सफल संचालन मे सभी का सहयोग अपेक्षित है।

Advertisements

You missed