Advertisements
Spread the love

हूल दिवस पर सीमल टुडू को किया गया सम्मानित

Advertisements

झारखंड ब्यूरो चीफ : दीपक नाग

घाटशिला । हूल दिवस के अवसर पर झारग्राम जिले के सक्रायल प्रखंड स्थित रोहिणी हाट बाजार मैदान में आयोजित कार्यक्रम में संथाली समाज के प्रथम कैसेट सिंगर सीमल टुडू को मंच पर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पश्चिम बंगाल विधानसभा में विपक्ष के नेता शुभेंदु अधिकारी थे।
शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि “आज के ऐतिहासिक दिन पर संथाली भाषा के सुप्रसिद्ध गायक सीमल टुडू से मिलना और उन्हें पुनः संगीत के क्षेत्र में सक्रिय देखना मेरे लिए गर्व और खुशी की बात है।” उन्होंने सीमल टुडू को अंगवस्त्र और शील्ड भेंट कर सम्मानित किया। फागुन कोयल के नाम से प्रसिद्ध सीमल टुडू का योगदान न केवल बंगाल में बल्कि झारखंड, उड़ीसा और असम जैसे राज्यों में भी संगीत प्रेमियों के बीच अमिट छाप छोड़ चुका है। आज भी संथाल बहुल क्षेत्रों में उनके चाहने वालों की संख्या काफी है। कार्यक्रम के दौरान शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य करने पर माधवी मुर्मू को भी सम्मानित किया गया। साथ ही, सीमल टुडू ने भी मंच से कला, संस्कृति और खेल के क्षेत्र में सक्रिय व्यक्तियों को सम्मानित किया और स्वतंत्रता सेनानी सिदो-कान्हू के बलिदान को याद करते हुए एक भावुक गीत भी प्रस्तुत किया, जिसे सुनकर उपस्थित जनसमूह भावविभोर हो उठा। इस अवसर पर डॉ. प्रणव टुडू, उड़ीसा के संथाली गायक मंगल हंसदा, प्रभास सोरेन, भूपेन सिंह, दीपू मांडी समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। सीमल टुडू से मिलने और उन्हें देखने के लिए लोग दूर-दूर से कार्यक्रम में पहुंचे थे।