Advertisements
Spread the love

हाईवा की रफ्तार ने मचाया कहर, खड़े ट्रक में पीछे से जोरदार टक्कर; चालक गंभीर

रिर्पोटर – जगबंधु महतो

सरायकेला-राजनगर मुख्य सड़क पर भीषण हादसा, हाईवा का अगला हिस्सा चकनाचूर, यातायात ठप

सरायकेला : सरायकेला-राजनगर मुख्य सड़क पर महत्व ढाबा के समीप बुधवार की अहले सुबह करीब चार बजे तेज रफ्तार हाईवा और खड़े ट्रक के बीच जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि हाईवा का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक वाहन के अंदर फंसकर गंभीर रूप से घायल हो गया।

जानकारी के अनुसार सड़क किनारे एक ट्रक खड़ा था। इसी दौरान सरायकेला की ओर से आ रहे तेज रफ्तार हाईवा ने पीछे से ट्रक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद ट्रक अनियंत्रित होकर सड़क से नीचे खेत में जा घुसा। वहीं हाईवा का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त होने के कारण चालक अंदर ही फंस गया।

दुर्घटना की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे और पुलिस को इसकी सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। स्थानीय लोगों की मदद से घायल चालक को वाहन से बाहर निकालने का प्रयास किया गया तथा उसे उपचार के लिए अस्पताल भेजने की तैयारी की गई।

भीषण सड़क हादसे के बाद सरायकेला-राजनगर मुख्य मार्ग पर यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई, जिससे राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। घटनास्थल पर पुलिस के साथ बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों की भीड़ जुटी रही।

पुलिस दुर्घटना के कारणों की जांच में जुटी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह तेज रफ्तार मानी जा रही है, हालांकि दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा।