Spread the love

विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर एसबीयू में हुआ कार्यक्रम

Advertisements
Advertisements

Arjun Kumar…✍️

नामकुम(राँची) । महादेवी बिरला इंस्टीट्यूट ऑफ नर्सिंग एंड क्लिनिकल टेक्नोलॉजी द्वारा विश्व स्तनपान सप्ताह के अवसर पर सरला बिरला विवि परिसर के जी.डी. बिरला ऑडिटोरियम ‘जीवन में सतत और स्वस्थ शुरुआत के लिए प्रभावी स्तनपान एवं इसकी आवश्यकता’ विषय पर कार्यक्रम का आयोजन किया गया। समाज में स्तनपान के महत्व, नवजात शिशु के स्वास्थ्य एवं पोषण तथा मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य को बेहतर बनाने में स्तनपान की भूमिका के प्रति जागरूकता बढ़ाने के उद्देश्य से आयोजित इस कार्यक्रम में संस्थान के सभी शिक्षकों, विद्यार्थियों के अलावा प्रशासनिक एवं अन्यान्य गणमान्य अतिथियों ने भाग लिया । कार्यक्रम में स्वागत भाषण अंजलि कुमारी, बी.एससी. नर्सिंग चतुर्थ सेमेस्टर की छात्रा द्वारा दिया गया। उन्होंने उपस्थित सभी अतिथियों, शिक्षकों एवं विद्यार्थियों का स्वागत करते हुए विश्व स्तनपान सप्ताह के महत्व पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम में नर्सिंग विद्यार्थियों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। इशिका कुमारी, बी.एससी. नर्सिंग चतुर्थ सेमेस्टर, द्वारा विश्व स्तनपान सप्ताह का विस्तृत सारांश प्रस्तुत किया गया। उन्होंने स्तनपान के वैज्ञानिक, सामाजिक और स्वास्थ्य संबंधी महत्व को रेखांकित किया । कार्यक्रम को संबोधित करते हुए संस्थान की प्राचार्या डॉ. सुबानी बाड़ा ने स्तनपान को मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य की आधारशिला बताया। उन्होंने कहा कि जन्म के बाद शुरुआती समय में माँ का दूध बच्चे के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण होता है। उन्होंने नर्सिंग विद्यार्थियों को भविष्य के स्वास्थ्यकर्मियों के रूप में माताओं को सही स्तनपान संबंधी जानकारी और सहयोग प्रदान करने के लिए प्रेरित किया। प्रशासक  आशुतोष द्विवेदी ने अपने संबोधन में स्वास्थ्य एवं पोषण के प्रति जागरूकता को मजबूत करने की आवश्यकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज की शुरुआत स्वस्थ माँ और स्वस्थ बच्चे से होती है तथा इसमें स्तनपान की महत्वपूर्ण भूमिका है। कार्यक्रम में डॉ. श्वेता सिन्हा ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए शिक्षा के साथ-साथ सामाजिक जिम्मेदारी और स्वास्थ्य जागरूकता के महत्व पर प्रकाश डाला। डीन प्रो. नीलिमा पाठक ने ऐसे जागरूकता कार्यक्रमों को विद्यार्थियों के व्यावहारिक ज्ञान और सामाजिक उत्तरदायित्व को विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम करार दिया। कार्यक्रम के अंत में  निशा कुमारी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया गया। सरला बिरला विवि के  प्रतिकुलाधिपति बिजय कुमार दलान,  महानिदेशक प्रो गोपाल पाठक,  कुलपति प्रो सी जगनाथन एवं  राज्यसभा सांसद डॉ प्रदीप कुमार वर्मा ने इस जागरूकता कार्यक्रम के सफल आयोजन पर आयोजकों को शुभकामना संदेश प्रेषित किया है।

You missed