
खरसावां में नकली शराब के कारोबार का भंडाफोड़, दो घरों में छापेमारी से भारी मात्रा में शराब और पैकेजिंग सामग्री बरामद
रिपोर्टर : जगबंधु महतो
ब्रांडेड कंपनियों के नाम पर तैयार हो रही थी नकली शराब, खाली बोतलें, स्टीकर, ढक्कन और बारकोड भी जब्त
खरसावां: सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध शराब के कारोबार के खिलाफ पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए खरसावां थाना क्षेत्र के पदमपुर स्थित बेदिया साई टोला में कथित नकली शराब बनाने और उसकी बिक्री के धंधे का खुलासा किया है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने दो अलग-अलग घरों में छापेमारी कर भारी मात्रा में शराब के साथ विभिन्न ब्रांडों की खाली बोतलें, नकली स्टीकर, ढक्कन और बारकोड बरामद किए हैं। मामले में दो लोगों को प्राथमिकी अभियुक्त बनाया गया है।
पुलिस के अनुसार, खरसावां थाना कांड संख्या 60/2026 के तहत 27 नवंबर को मामला दर्ज किया गया है। आरोपियों की पहचान पदमपुर के बेदिया साई टोला निवासी 36 वर्षीय नारायण बांदिया और 31 वर्षीय सुनील बांदिया के रूप में हुई है। दोनों के खिलाफ नकली शराब तैयार करने, ब्रांडेड शराब के नाम और स्टीकर का कथित दुरुपयोग करने, भंडारण तथा अवैध खरीद-बिक्री के आरोप में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
छापेमारी के दौरान नारायण बांदिया के घर से लगभग 14 लीटर 460 मिलीलीटर शराब बरामद हुई। इसके अलावा 65 खाली रॉयल स्टैग बोतलें, अन्य ब्रांडों की खाली बोतलें, स्टीकर के बंडल, बारकोड और अलग-अलग ब्रांड के ढक्कन जब्त किए गए।
वहीं, सुनील बांदिया के घर से लगभग 15 लीटर 80 मिलीलीटर शराब, खाली बोतलें, स्टीकर, ढक्कन और 4,380 रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने एक पल्सर मोटरसाइकिल (JH06Q-6363) भी जब्त की है।
पूरी कार्रवाई थाना प्रभारी राहुल कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई। छापेमारी दल में सहायक अवर निरीक्षक हरेंद्र प्रसाद सिंह सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
पुलिस ने बीएनएस और झारखंड उत्पाद अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। बरामद सामग्री के आधार पर नकली शराब तैयार करने और उसकी आपूर्ति से जुड़े नेटवर्क की जांच की जा रही है।
