
गम्हरिया में फिर जली फुटपाथी दुकान, सुरक्षा व्यवस्था पर उठे गंभीर सवाल

रिपोर्टर – जगबंधु महतो
गम्हरिया: सरायकेला जिले के गम्हरिया थाना क्षेत्र स्थित टाटा स्टील गम्हरिया के गेट नंबर-1 के पास बीती रात एक फुटपाथी दुकान में अचानक आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी भयावह थी कि दुकान में रखा सारा सामान जलकर पूरी तरह राख हो गया। बताया जा रहा है कि दुकान में सेफ्टी किट की बिक्री होती थी, जिससे दुकानदार को भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
पीड़ित दुकानदार अमर कुमार सिंह ने बताया कि यह कोई पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी उनकी दुकान में कई बार आग लग चुकी है, साथ ही मारपीट जैसी घटनाएं भी हो चुकी हैं। लगातार हो रही इन घटनाओं के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं होने से उन्होंने गम्हरिया थाना पुलिस की कार्यशैली पर गंभीर सवाल खड़े किए हैं।
स्थानीय लोगों का कहना है कि इलाके में सुरक्षा व्यवस्था बेहद कमजोर हो गई है। पुलिस की निष्क्रियता के कारण असामाजिक तत्वों के हौसले बुलंद हैं, जिससे इस तरह की घटनाएं बार-बार हो रही हैं।
घटना के बाद दुकानदार पूरी तरह टूट चुका है और उसने प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। फिलहाल आग लगने के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। वहीं, इस मामले में गम्हरिया थाना पुलिस की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, जिससे लोगों में आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है।

