Advertisements
Spread the love

अनुसूचित जातियों के आरक्षण और प्रतिनिधित्व को लेकर झारखंड में गरमाया माहौल

Advertisements

राँची । झारखंड में अनुसूचित जातियों के संवैधानिक अधिकारों को लेकर सरकार से सीधे सवाल पूछते हुए घासी (नायक) समाज युवा कल्याण संगठन ने आंदोलन की रूपरेखा तैयार कर दी है। संगठन के प्रदेश अध्यक्ष टाइगर संदीप नायक एवं कार्यकारी अध्यक्ष मुकेश कुमार नायक ने जानकारी दी कि आगामी 02 अगस्त 2025 को राजभवन के समक्ष एक महाधरना का आयोजन किया जाएगा। इस कार्यक्रम में पूरे राज्य के अनुसूचित जाति समुदाय के लोगों से भागीदारी की अपील की गई है। साथ ही उन्होंने बताया कि इस महाधरना में वित्त मंत्री राधा-कृष्ण किशोर, काके विधायक सुरेश बैठा एवं नेता प्रतिपक्ष अमर बाउरी को भी आमंत्रित किया गया है।इस दौरान अनुसूचित जाति समाज की कई अहम मांगें सरकार के समक्ष रखी जाएंगी। इनमें अनुसूचित जातियों को जनसंख्या के अनुपात में 12 प्रतिशत आरक्षण लागू करने की मांग प्रमुख है। साथ ही राजनीतिक परिसीमन प्रक्रिया को पारदर्शी बनाने, संवैधानिक संस्थाओं जैसे जेपीएससी, जेएसएससी, सूचना आयोग, खाद्य आयोग, महिला आयोग में अनुसूचित जातियों के प्रतिनिधित्व को अनिवार्य करने और अनुसूचित जाति आयोग को तुरंत सक्रिय करने की माँग भी उठाई जाएगी। इसके अतिरिक्त झारखंड विधानसभा के एक द्वार पर बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की आदमकद प्रतिमा लगाए जाने, रांची नगर निगम में अनुसूचित जातियों के लिए निर्धारित आरक्षण को बहाल करने, अनुसूचित जाति परामर्शदात्री परिषद को सक्रिय करने तथा सहकारिता विकास निगम को सशक्त किए जाने की भी मांग की गई है। वहीं अनुसूचित जाति के छात्र-छात्राओं के लिए HEC परिसर में अलग-अलग छात्रावासों के शीघ्र निर्माण और अनुसूचित जाति बहुल जिलों में आवासीय विद्यालयों की स्वीकृति की बात भी कही गई है। इसके अलावा जाति और आवासीय प्रमाण पत्र निर्गत प्रक्रिया को सरल एवं पारदर्शी बनाए जाने की भी मांग रखी गई है। संदीप टाइगर नायक ने स्पष्ट किया कि यह आंदोलन उनके अधिकारों की लड़ाई है। यदि सरकार इन मांगों को गंभीरता से नहीं लेती है तो अनुसूचित जाति समाज आगामी चुनाव में मतदान का बहिष्कार करेगा। उन्होंने यह भी चेतावनी दी कि सत्ता में शामिल अनुसूचित जाति समुदाय के विधायक या मंत्री यदि चुप रहते हैं तो उन्हें भी असहज किया जाएगा और समाज द्वारा जवाबदेह ठहराया जाएगा। उन्होंने झारखंड के सभी अनुसूचित जाति समाज के लोगों से आग्रह किया है कि 2 अगस्त को समय निकालकर राजभवन पहुंचें और इस महाधरना को सफल बनाएं।बबैठक में टाइगर संदीप नायक के साथ विजय नायक, उपेंद्र रजक, संतोष रजक, संतोष नायक, आशीष नायक, रोशन नायक, कैलाश नायक, राजू राम, शिवटहल नायक, संजय नायक, रंजन पासवान, कृष्णा नायक सहित अनेक लोग मौजूद थे।

You missed