
भाजपा के समर्थन में ऑल इंडिया इमाम संघ के अध्यक्ष साजिद रशीदी की एंट्री से कपाली नगर परिषद चुनाव में नई राजनीतिक सरगर्मी


चाण्ड़िल -संवाददाता
चांडिल:- झारखंड में प्रस्तावित नगर निकाय चुनाव के अंतिम चरण के प्रचार के बीच कपाली नगर परिषद क्षेत्र की सियासत उस समय और गर्मा गई, जब भाजपा के समर्थन में ऑल इंडिया इमाम संघ अध्यक्ष साजिद रशीदी ने भाजपा समर्थित मेयर प्रत्याशी ताजदार आलम के पक्ष में खुलकर समर्थन की घोषणा कर दी।ऑल इंडिया इमाम एसोसिएशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष रशीदी ने जमशेदपुर से सटे कपाली स्थित एक प्रतिष्ठित होटल में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान मुस्लिम मतदाताओं से बिस्किट छाप पर मुहर लगाकर ताजदार आलम को विजयी बनाने की अपील की। उनके इस बयान के बाद चुनावी समीकरणों को लेकर नई चर्चाएं तेज हो गई हैं।प्रेस वार्ता के दौरान रशीदी ने विपक्षी दलों पर मुस्लिम समुदाय को केवल वोट बैंक के रूप में इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि समुदाय अपने राजनीतिक अधिकारों के प्रति सजग रहे और विकासोन्मुख नेतृत्व का समर्थन करे।उन्होंने यह भी दावा किया कि वर्तमान दौर में शिक्षा और प्रतियोगी परीक्षाओं में मुस्लिम युवाओं की भागीदारी बढ़ी है, जो सकारात्मक बदलाव का संकेत है। उनके अनुसार, समुदाय को भावनात्मक राजनीति से ऊपर उठकर विकास और प्रतिनिधित्व को प्राथमिकता देनी चाहिए।राजनीतिक विश्लेषकों की मानें तो रशीदी का यह समर्थन केवल कपाली नगर परिषद तक सीमित नहीं है, बल्कि यह पूरे झारखंड के निकाय चुनाव में एक महत्वपूर्ण संदेश के रूप में देखा जा रहा है।इस मौके पर भाजपा प्रदेश प्रेस प्रवक्ता राफिया नाज, विजय महतो पूर्व जिला अध्यक्ष, भाजपा नेता पप्पू वर्मा, महेश कर्मकार, जगदीश महतो ,समाजसेवी डॉ. अदनान अली, सुंदरम एनजीओ संस्था के सचिव शमीम अहमद, डॉ. आदिल सहित क्षेत्र के कई स्थानीय भाजपा नेता एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।कपाली नगर परिषद के चुनावी रण में इस नए राजनीतिक घटनाक्रम ने मुकाबले को और दिलचस्प बना दिया है। अब देखना यह है कि मौलाना साजिद रशीदी का समर्थन मतदाताओं के रुझान पर कितना प्रभाव डाल पाता है।

