
आदित्यपुर वार्ड-17 में बहुप्रतीक्षित सड़क निर्माण अंतिम चरण में, जल्द होगा उद्घाटन

रिपोर्टर – जगबंधु महतो
आदित्यपुर । नगर निगम क्षेत्र के वार्ड संख्या 17 में टाटा-कांड्रा मुख्य मार्ग के सर्विस रोड से जयप्रकाश उद्यान होते हुए लक्ष्य अपार्टमेंट तक बन रही बहुचर्चित सड़क का निर्माण कार्य अब अंतिम चरण में पहुंच चुका है।
निर्माण एजेंसी द्वारा सड़क के दोनों किनारों पर मिट्टी भराई का कार्य शुरू कर दिया गया है, जिससे मार्ग को मजबूत और सुगम बनाया जा सके। सड़क निर्माण पूरा होने के बाद स्थानीय लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलने की उम्मीद है।
वार्ड पार्षद नीतू शर्मा ने बताया कि जल्द ही इस सड़क का विधिवत उद्घाटन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि यह सड़क क्षेत्र के विकास में अहम भूमिका निभाएगी और आसपास के इलाकों को बेहतर कनेक्टिविटी प्रदान करेगी।
गौरतलब है कि लंबे समय से इस सड़क की मांग की जा रही थी। निर्माण कार्य अंतिम चरण में पहुंचने से स्थानीय लोगों में खुशी का माहौल है और उन्होंने राहत की सांस ली है।

