
बांग्लादेश में हिन्दुओं की निर्मम हत्या के विरोध में नामकुम में तिरंगा मार्च

Arjun Kumar Pramanik…..✍️
नामकुम(रांची)। बांग्लादेश में दीपू चंद्र दास, खोखन चंद्र दास सहित अन्य हिन्दुओं की निर्मम हत्या के विरोध में अखिल भारतीय ह्यूमन राइट्स ऑर्गनाइजेशन, झारखण्ड के प्रदेश चीफ सह राज्यसभा सांसद प्रतिनिधि मनोज कुमार सिंह के नेतृत्व में आज नामकुम में विशाल तिरंगा मार्च निकाला गया। यह मार्च नामकुम बाजार स्थित महाराणा प्रताप चौक से प्रारंभ होकर सदाबहार चौक तक गया तथा पुनः नामकुम बाजार मैदान में आकर संपन्न हुआ। मार्च में सैकड़ों की संख्या में लोग हाथों में तिरंगा लेकर शामिल हुए। इस दौरान “बांग्लादेश सरकार होश में आओ”, “बांग्लादेश हाय-हाय”, “दीपू चंद्र दास के हत्यारों को फांसी दो”, “खोखन चंद्र दास के हत्यारों को फांसी दो”, “अल्पसंख्यक हिन्दुओं पर अत्याचार बंद करो” जैसे नारे लगाए गए। प्रतिभागियों के हाथों में इन मांगों से संबंधित तख्तियां भी थीं। मार्च में अखिल भारतीय पूर्व सैनिक सेवा परिषद, रांची के जिला अध्यक्ष नारायण प्रसाद सहित कई भूतपूर्व सैनिकों ने भी भाग लिया। इस अवसर पर मनोज कुमार सिंह ने बांग्लादेश सरकार से वहां रह रहे हिन्दुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। साथ ही उन्होंने भारत सरकार से भी इस मामले में कठोर कदम उठाते हुए अंतरराष्ट्रीय स्तर पर हस्तक्षेप कर हिन्दुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने की अपील की। पूर्व सैनिक सेवा परिषद के जिला अध्यक्ष नारायण प्रसाद ने भी भारत सरकार से इस विषय में तत्काल हस्तक्षेप की मांग की। तिरंगा मार्च में एभरो चीफ मनोज कुमार सिंह, सूबेदार नारायण प्रसाद, संदीप सिंह, रूपा चौहान, सूबेदार मनोज राय, सूबेदार धनेश चंद्र वर्मा, सूबेदार सत्यपाल सिंह, कैप्टन चंदन बास्के, नायक सूबेदार विश्वाजीत कुमार, सूबेदार मंगल पांडेय, हवलदार अरुण प्रसाद, देवराज पासवान, ऋषिकेश कुमार, अखिलेश सिंह, पृथ्वी सिंह, देवराज सिंह, अनिल सिंह, युवराज सिंह, अरुण कुमार, प्रवीण कुमार, कृष्णा कुमार, राजू कुमार, मृतुंजय कुमार, मुकेश कुमार सहित सैकड़ों लोग शामिल हुए।

