Advertisements
Spread the love

पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने प्रवेश किया एक नए युग में, यह आत्मनिर्भर भारत का युग – अन्नपूर्णा देवी

Advertisements

संवाददाता : मौसम गुप्ता

दुमका । भारतीय जनता पार्टी, दुमका जिला की ओर से रविवार को अग्रसेन भवन, दुमका में दुमका विधानसभा स्तरीय “आत्मनिर्भर भारत सम्मेलन” का भव्य आयोजन किया गया।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में केंद्रीय मंत्री श्रीमती अन्नपूर्णा देवी तथा भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष सह संथाल परगना प्रभारी बालमुकुंद सहाय उपस्थित रहे।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष गौरव कांत ने की, जबकि संचालन दुमका विधानसभा संयोजक अमरेंद्र सिंह मुन्ना ने किया।
केंद्रीय मंत्री अन्नपूर्णा देवी ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश एक नए युग में प्रवेश कर चुका है — यह “आत्मनिर्भर भारत” का युग है उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत केवल एक नारा नहीं, बल्कि एक संकल्प और संकल्पना है जो देश के हर नागरिक को सशक्त बनाने की दिशा में एक ऐतिहासिक पहल है।
आज महिलाएं, किसान, युवा, उद्यमी, लघु उद्योग और गरीब तबका आत्मनिर्भरता की ओर बढ़ रहे हैं।

मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की योजनाएं — प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, स्टार्टअप इंडिया, प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जनधन योजना और किसान सम्मान निधि — ने करोड़ों लोगों को आत्मनिर्भर बनने का अवसर दिया है।उन्होंने कहा कि झारखंड जैसे राज्य में भी अब केंद्र की योजनाओं का लाभ तेजी से जनता तक पहुंच रहा है।
अन्नपूर्णा देवी ने संथाल परगना की जनता से आह्वान किया कि वे आत्मनिर्भर भारत अभियान को जन-जन तक पहुंचाएं और विकास की इस धारा को और अधिक मजबूत बनाएं।
साथ ही उन्होंने लोगों से स्वदेशी वस्तुओं के प्रयोग को अपने जीवन का हिस्सा बनाने की अपील की।
भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष बालमुकुंद सहाय ने अपने संबोधन में कहा कि प्रधानमंत्री मोदी जी के नेतृत्व में भाजपा सरकार ने देश की छवि को विश्व पटल पर नई ऊंचाई पर पहुंचाया है।
उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता ही आत्मनिर्भर भारत अभियान के असली वाहक हैं, जो समाज के अंतिम व्यक्ति तक जनकल्याण की योजनाएं पहुंचाने में जुटे हैं।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे जिलाध्यक्ष गौरव कांत ने कहा कि भाजपा केवल चुनाव लड़ने वाली पार्टी नहीं, बल्कि राष्ट्र निर्माण का संकल्प लेने वाली पार्टी है।
उन्होंने कहा कि आत्मनिर्भर भारत का लक्ष्य तभी साकार होगा जब हर नागरिक इसमें सहभागी बने और अपने कर्तव्य का निर्वहन करे।