
कपाली ओपी क्षेत्र में बढ़ते अपराध से ग्रामीण परेशान, तमोलिया पंचायत ने नए ओपी की उठाई मांग

चाण्ड़िल -संवाददाता
सरायकेला–खरसावां जिले के चांडिल प्रखंड अंतर्गत कपाली ओपी क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति को लेकर ग्रामीणों में गहरी नाराज़गी देखी जा रही है। तमोलिया पंचायत के डोबो फुटबॉल मैदान में आयोजित एक महत्वपूर्ण बैठक में पंचायतवासियों ने सर्वसम्मति से नया ओपी (आउट पोस्ट) स्थापित करने की मांग उठाई।
बैठक में उपस्थित ग्रामीणों का कहना था कि कपाली ओपी से तमोलिया पंचायत के डोबो और पुड़ीसिली गांवों की दूरी काफी अधिक है। ऐसे में किसी भी आपराधिक घटना की सूचना देने के बाद पुलिस के पहुंचने में काफी देर हो जाती है, जिसका फायदा उठाकर अपराधी आसानी से फरार हो जाते हैं। ग्रामीणों के अनुसार, पुलिस की देरी के कारण क्षेत्र में अपराधियों का मनोबल लगातार बढ़ रहा है।
ग्रामीणों ने हाल ही में डोबो क्षेत्र में घटित एक गंभीर घटना का भी जिक्र किया, जहां निर्माण कार्य कर रहे ठेकेदार
जगबंधु सिंह उर्फ कालटू सिंह से असामाजिक तत्वों द्वारा रंगदारी की मांग की गई। रंगदारी नहीं देने पर उनके साथ मारपीट कर जगबंधु सिंह सहित और तीन कर्मचारियों को भी गंभीर रूप से घायल कर दिया गया। पीड़ित का आरोप है कि इस मामले में अब तक कपाली ओपी प्रभारी द्वारा कोई ठोस और सख्त कार्रवाई नहीं की गई है।
कालटू सिंह ने बताया कि इस घटना को लेकर वे पुलिस अधीक्षक से भी मिल चुके हैं, बावजूद इसके अब तक अपराधियों की गिरफ्तारी नहीं हो सकी है और आरोपी खुलेआम क्षेत्र में घूम रहे हैं, जिससे आम लोगों में भय का माहौल है।
बैठक में तमोलिया पंचायत के सभी गांवों के ग्राम प्रधान, बुद्धिजीवी वर्ग, महिला प्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने एक स्वर में प्रशासन से मांग की कि क्षेत्र की सुरक्षा को देखते हुए नया ओपी जल्द से जल्द स्थापित किया जाए, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके और लोगों में सुरक्षा का विश्वास बहाल हो।
Related posts:

