Spread the love

हाथी हमले में गई जान, जिला परिषद उपाध्यक्ष के निर्देश पर पीड़ित परिवार को त्वरित मुआवजा

Advertisements
Advertisements

संवाददाता : जगबंधु महतो

चांडिल ।  सरायकेला जिला के चांडिल अनुमंडल क्षेत्र के कुकड़ू प्रखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत लेटेमदा में जंगली हाथी के हमले से एक ग्रामीण की मौत हो गई। इस दर्दनाक घटना से पूरे इलाके में दहशत और शोक का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लेटेमदा निवासी गौरंग महतो उर्फ बुका महतो की रात के समय जंगली हाथी की चपेट में आने से मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना के बाद ग्रामीणों में भय व्याप्त है और वन विभाग से स्थायी समाधान की मांग तेज हो गई है।
घटना की सूचना मिलते ही ग्रामीणों एवं स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने जिला परिषद उपाध्यक्ष श्रीमती मधुश्री महतो को फोन पर अवगत कराया। सूचना पर त्वरित संज्ञान लेते हुए जिला परिषद उपाध्यक्ष ने वन विभाग चांडिल के रेंजर एवं फॉरेस्टर से तत्काल संपर्क कर पीड़ित परिवार को नियमानुसार शीघ्र मुआवजा देने तथा आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
श्रीमती मधुश्री महतो ने शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए कहा कि वन्यजीव हमलों से प्रभावित परिवारों को हर संभव सहायता उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है। उन्होंने क्षेत्र में बढ़ रहे हाथी आतंक को गंभीर बताते हुए वन विभाग से निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने की भी बात कही। वहीं वन विभाग की ओर से त्वरित कार्रवाई करते हुए रेंजर द्वारा मृतक के परिजनों को तत्काल 50 हजार रुपये की मुआवजा राशि प्रदान की गई। साथ ही आगे की प्रक्रिया के तहत शेष मुआवजा भुगतान का आश्वासन भी दिया गया है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से हाथियों की आवाजाही पर रोक लगाने, गश्ती बढ़ाने और स्थायी समाधान की मांग की है।

You missed