Advertisements
Spread the love

जनमुद्दों पर संघर्ष तेज करें कार्यकर्ता : सुदेश महतो

Advertisements

Arjun Kumar Pramanik……✍️

अनगड़ा(राँची) । आजसू पार्टी ने अपने सांगठनिक अभियान को तेज करते हुए जिला सम्मेलनों के बाद अब प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में मिलन समारोहों का आयोजन शुरू कर दिया है। इसी क्रम में गेतलसूद डैम के किनारे आयोजित खिजरी विधानसभा स्तरीय मिलन समारोह को संबोधित करते हुए पार्टी सुप्रीमो सुदेश महतो ने कार्यकर्ताओं से जनमुद्दों पर संघर्ष को और तेज करने का आह्वान किया। सुदेश महतो ने कहा कि राजनीति केवल चुनाव का पर्व नहीं, बल्कि सतत संघर्ष का मैदान है। राजनीतिक कार्यकर्ताओं को जनहित के सवालों पर निरंतर संघर्षरत रहना चाहिए। झारखंड में एक बड़े वैचारिक और राजनीतिक संघर्ष की आवश्यकता है, जिसकी तैयारी आजसू कार्यकर्ता करें। उन्होंने राज्य की मौजूदा सरकार पर तीखा हमला करते हुए कहा कि सरकार हर मोर्चे पर पूरी तरह विफल साबित हुई है। योजनाएँ भ्रष्टाचार की भेंट चढ़ रही हैं, युवाओं से किए गए वादे खोखले साबित हुए हैं। रोजगार, नियोजन, कानून-व्यवस्था और पलायन जैसे गंभीर मुद्दों पर सरकार का प्रदर्शन निराशाजनक है। लाखों रिक्त पदों पर पारदर्शी बहाली के लिए अब तक कोई ठोस रोडमैप प्रस्तुत नहीं किया गया है। सुदेश महतो ने कहा कि विस्थापितों को उनका हक नहीं मिल रहा, पुनर्वास की प्रक्रिया ठप पड़ी है। आदिवासी, दलित और पिछड़े वर्ग के छात्रों को पिछले दो वर्षों से छात्रवृत्ति नहीं मिली है, जिससे उनकी पढ़ाई प्रभावित हो रही है। पेसा कानून के तहत ग्राम सभाओं की शक्तियों को कमजोर किया जा रहा है। प्रशासनिक व्यवस्था अंचल कार्यालय से लेकर थाना स्तर तक भ्रष्टाचार में डूबी हुई है और नौकरशाही अपने सबसे निचले स्तर पर पहुंच चुकी है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि आजसू पार्टी अब इस संघर्ष को खेत-खलिहानों से लेकर सचिवालय तक ले जाएगी। हर मुद्दे पर सशक्त और निरंतर आंदोलन होगा, जिसकी बुनियाद गांव-गांव में रखी जाएगी। संजय मेहता हजारीबाग लोकसभा के पूर्व प्रत्याशी एवं पार्टी महासचिव संजय मेहता ने कहा कि झारखंड निर्माण का दर्द आजसू पार्टी सबसे अधिक महसूस करती है। मौजूदा सरकार में विजन और रोडमैप का घोर अभाव है। कोयला-बालू माफिया सरकारी संरक्षण में फल-फूल रहे हैं, विस्थापितों पर फर्जी मुकदमे लादे जा रहे हैं । उन्होंने कहा कि 10 लाख नौकरियों का वादा, 75 प्रतिशत स्थानीय आरक्षण और ओबीसी को 27 प्रतिशत आरक्षण सब जुमले बनकर रह गए हैं। राज्य गंभीर वित्तीय संकट से गुजर रहा है। आजसू पार्टी विस्थापितों और युवाओं की लड़ाई अंतिम सांस तक लड़ती रहेगी और इन मुद्दों को विधानसभा व लोकसभा में लगातार उठाएगी ।  पार्टी के बुद्धिजीवी मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष डोमन सिंह मुंडा ने कहा कि झारखंड को बचाने के लिए सामूहिक प्रयास जरूरी है। प्रत्येक बूथ पर वैचारिक रूप से मजबूत कार्यकर्ता तैयार करने होंगे। उन्होंने कहा कि सुदेश महतो में राज्य को नया नेतृत्व देने की क्षमता है, इस संदेश को जन-जन तक पहुंचाना होगा। उन्होंने बताया कि सभी 81 विधानसभा क्षेत्रों में बूथ स्तर पर कार्यकर्ताओं को प्रशिक्षित करने के लिए विशेष शिविर आयोजित किए जाएंगे, ताकि वे जनमुद्दों पर सशक्त भूमिका निभा सकें। आजसू से जुड़े नए सदस्य खिजरी विधानसभा स्तरीय सम्मेलन में सैकड़ों युवाओं ने आजसू पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। मेसरा अस्पताल के निदेशक कुदरत शेख एवं किशन कच्छप के नेतृत्व में 50 युवाओं ने पार्टी की सदस्यता लिया । मौके प पर जिला परिषद अध्यक्ष निर्मला भगत, रांची जिला अध्यक्ष संजय महतो, जिला उपाध्यक्ष डॉ. अमित साहू, केंद्रीय सचिव राजेंद्र शाही मुंडा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि, पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।