
घाटशिला : दैनंदिन समस्याओं को लेकर भाजपा प्रतिनिधि मंडल आईसीसी कंपनी प्रबंधन से मिले
29 जुलाई’ 2026
मऊभंडार टाउनशिप में दो दिनों से पेयजल सप्लाई ठप होने से आम लोगों की परेशानी काफ़ी बढ़ गई है। लोग पानी की एक-एक बूंद के लिए तरस रहे है। पेयजल समस्या समेत टाउनशिप की मूलभूत समस्याओं को लेकर भारतीय जनता पार्टी घाटशिला मंडल कमिटी के सदस्यों ने एचसीएल-आईसीसी के कार्यपालक निदेशक (ईडी) सह यूनिट हेड उमेश सिंह से बुधवार को मिलकर आठ सूत्री मांगपत्र सौंपा।
पूर्व विधानसभा प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन, जिला उपाध्यक्ष राहुल पांडेय और घाटशिला के मंडल अध्यक्ष विजय पांडेय के नेतृत्व में सौंपे गए मांगपत्र में मऊभंडार टाउनशिप के रख-रखाव, पेयजल, बिजली, सड़क, अस्पताल और पार्को से जुड़ी समस्याओं का समाधान जल्द से जल्द कराने की मांग की गई। भाजपा नेताओं ने कहा कि हिंदुस्तान कॉपर लिमिटेड (एचसीएल) रिकॉर्ड मुनाफा अर्जित कर रही है, लेकिन टाउनशिप की आधारभूत सुविधाओं की लगातार उपेक्षा हो रही है। ईडी उमेश सिंह ने सकारात्मक कदम उठाने का भरोसा दिलाया है।

पेयजल और बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग
मांगपत्र में कहा गया है कि अत्यधिक वर्षा और कभी गर्मी के दौरान स्वर्णरेखा नदी के जलस्तर में उतार-चढ़ाव के कारण जलापूर्ति बाधित हो जाती है। बीते दो दिनों से पानी की आपूर्ति ठप रहने से लोगों को काफी परेशानी हो रही है। प्रबंधन को चाहिए कि इस समस्या का स्थायी समाधान और वैकल्पिक जलापूर्ति व्यवस्था विकसित करें। साथ ही जलाशयों, पानी टंकियों और ओवरहेड टंकियों की नियमित सफाई, क्षतिग्रस्त पाइपलाइन बदलने तथा शुद्ध पेयजल उपलब्ध कराने की भी मांग की गई है। पूर्वी मऊभंडार पंचायत क्षेत्र में लगातार हो रही लोडशेडिंग और कम वोल्टेज की समस्या दूर करने के लिए नई केबल और आवश्यक विद्युत उपकरण लगाने का भी आग्रह किया गया।
जर्जर सड़कें, अस्पताल और पार्क भी बने मुद्दा
भाजपा ने मऊभंडार ऑटो स्टैंड से मस्जिद तक, बी-ब्लॉक चौक से वर्क्स अस्पताल तक, ग्रेन स्टोर के एक छोर से दूसरे छोर तक तथा आईसीसी जनरल ऑफिस के पीछे से टुमांगडूंगरी जाने वाली सड़क की मरम्मत और नालियों की सफाई कर जल-जमाव दूर करने की भी मांग की है। इसके अलावा वर्क्स अस्पताल में बंद पड़ी ईएनटी, महिला रोग विशेषज्ञ व शिशु रोग विशेषज्ञों की सेवाएं पुनः शुरू करने का आग्रह किया गया है। मांगपत्र में बी-ब्लॉक चिल्ड्रन पार्क और टुमांगडूंगरी पार्क के सौंदर्यीकरण, ओपन जिम की स्थापना तथा बच्चों के लिए आधुनिक खेल सामग्री उपलब्ध कराने की भी मांग रखी गई है।
गैस गोदाम हटाकर आधुनिक पार्क विकसित करने की मांग
भाजपा ने बी-ब्लॉक चिल्ड्रन पार्क के समीप बने गैस गोदाम को सुरक्षा की दृष्टि से अन्यत्र स्थानांतरित करने की मांग करते हुए वहां आधुनिक पार्क विकसित करने का आग्रह किया है। मंडल अध्यक्ष विजय पांडेय ने कहा कि मऊभंडार टाउनशिप एचसीएल की पहचान रही है। इसलिए कंपनी प्रबंधन को जनहित में सभी मांगों पर प्राथमिकता के आधार पर कार्रवाई कर कर्मचारियों और स्थानीय नागरिकों को बेहतर मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करानी चाहिए। इस मौके पर बाबूलाल सोरेन, राहुल पांडेय, विजय पांडेय, प्रकाश जयसवाल, बृजेश सोरेन, सुमित सिंह राजपूत, जतिन पात्रा, श्रीकांत नमाता, गौतम बागती, देव बागती, रोबिन नमाता, सपन बागती, रिशु ठाकुर, हेमंत सिंह, स्वराज बागती, आशुतोष दास समेत कई अन्य उपस्थित थे।
