
गलेशेरा गांव में पेसा नियमावली के तहत ग्रामसभा आयोजित

सिमडेगा संवाददाता-दिनेश ठाकुर
-सिमडेगा/ठेठईटांगर:-प्रखंड ठेठईटांगर अंतर्गत पंचायत पाईकपारा के गलेशेरा गांव में पेसा नियमावली 2025 के तहत ग्रामसभा का आयोजन किया गया। यह बैठक झारखंड सरकार, पंचायती राज विभाग द्वारा जारी निर्देश पत्र संख्या 01-स्था0 (वि0)10/2026/ 803, 804, 1137 के आलोक में आयोजित हुई। उक्त निर्देश के अनुसार अनुसूचित क्षेत्रों में ग्रामसभाओं को विभिन्न प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित करने का अधिकार प्रदान किया गया है। यह प्रक्रिया 16 मार्च 2026 से 25 अप्रैल 2026 तक निर्धारित समय सीमा के भीतर संपन्न की जानी है।
ग्रामसभा में उपस्थित अनुसूचित जनजाति समुदाय के लोगों द्वारा सर्वसम्मति से ग्रामसभा की संरचना से संबंधित प्रस्ताव पारित किया गया। बैठक में महिलाओं एवं पुरुषों की एक-तिहाई अनिवार्य उपस्थिति को ध्यान में रखते हुए कोरम पूरा किया गया।
_ग्रामसभा में सर्वसम्मति से प्रस्ताव पारित करते हुए अनूप मिंज को ग्राम प्रधान, संगीत बा: को सहायक सचिव एवं लीली ग्रेस लकड़ा को कोषाध्यक्ष के रूप में नामित करने का प्रस्ताव पारित किया गया। साथ ही ग्रामसभा में महिला एवं पुरुषों की न्यूनतम एक-तिहाई उपस्थिति को अनिवार्य रूप से सुनिश्चित करने का निर्णय लिया गया।_
इस अवसर पर भारत आदिवासी पार्टी के जिला अध्यक्ष सह PESA SLMT, अमृत चिराग तिर्की, PESA SLMT सह अधिवक्ता नॉरबर्ट बा:, अलेक्स जॉनसन केरकेट्टा एवं जॉन कुल्लू मुख्य रूप से सलाहकार के रूप में उपस्थित रहे।
अपने संबोधन में अमृत चिराग तिर्की ने कहा कि झारखंड सरकार, पंचायती राज विभाग द्वारा जारी निर्देश के तहत ग्रामसभाओं को सशक्त बनाते हुए उन्हें महत्वपूर्ण प्रस्ताव पारित करने का अधिकार दिया गया है। उन्होंने कहा कि यह पहल 16 मार्च 2026 से 25 अप्रैल 2026 के बीच लागू की जा रही है, जिसका उद्देश्य आदिवासी समाज को उनके जल, जंगल और जमीन पर अधिकार सुनिश्चित करना है। उन्होंने आगे कहा कि उनका प्रयास सिमडेगा जिले के सभी 451 ग्रामसभाओं तक पहुंचकर उन्हें जागरूक करने एवं हर संभव सहयोग प्रदान करने का है, ताकि प्रत्येक ग्रामसभा सशक्त बनकर अपने अधिकारों का प्रभावी उपयोग कर सके।
वहीं, नॉरबर्ट बा: ने कहा कि पेसा नियमावली ग्रामसभा को कानूनी रूप से मजबूत बनाती है और इसका सही क्रियान्वयन ही गांव के समग्र विकास की कुंजी है।
अलेक्स जॉनसन केरकेट्टा ने कहा कि ग्रामसभा के माध्यम से ही स्थानीय स्तर पर पारदर्शिता और जनभागीदारी सुनिश्चित की जा सकती है, इसलिए सभी ग्रामीणों को इसमें सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
बैठक में ग्रामसभा के वित्तीय संचालन को सुचारू रूप से चलाने हेतु पोस्ट ऑफिस बैंक शाखा सिमडेगा में ग्रामसभा के नाम से खाता खोलने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। साथ ही ग्रामसभा के प्रभावी संचालन के लिए विभिन्न स्थानीय समितियों के गठन का प्रस्ताव रखा गया, जिसे अगली ग्रामसभा बैठक में पारित करने का निर्णय लिया गया।

