Advertisements
Spread the love

सांसद जयंत सिन्हा के प्रयासों से हज़ारीबाग को मिल रही सौगात…

एनएच 522 पर हज़ारीबाग से बगोदर तक 744 करोड़ से होगा 4 लेन सड़क का पुनर्निर्माण…

रामगढ ब्यूरो (इन्द्रजीत कुमार)

Advertisements

हज़ारीबाग लोकसभा क्षेत्र के सांसद जयंत सिन्हा हज़ारीबाग व रामगढ़ में राष्ट्रीय राजमार्ग समेत अन्य सड़क परियोजनाओं के निर्माण हेतु सदैव प्रयासरत रहते हैं। उनकी विकासशील सोच, दृष्टि व प्रयासों के फलस्वरूप ही संसदीय क्षेत्र में हज़ारों करोड़ की सड़क संबंधी परियोजनाएं क्रियान्वित हैं। जयंत सिन्हा के प्रयासों से ही क्षेत्र में बरही-हज़ारीबाग फोरलेन, हज़ारीबाग बाईपास समेत एनएच-2,एनएच-31 व एनएच-33 में अनेक परियोजनाएं चल रही हैं। इनके निर्माण से लाखों यात्रियों को आवागमन में सुविधा हुई है। जयंत सिन्हा ने कुछ समय पूर्व भी केंद्रीय सड़क, परिवहन व राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी से हज़ारीबाग लोकसभा में विभिन्न सड़कों के शीघ्र निर्माण हेतु आग्रह किया था।

उनके आग्रह पर नितिन गडकरी ने संज्ञान लेते हुए क्षेत्र में सड़क सम्बन्धी कार्यों के लिए ₹153 करोड़ से अधिक की विशाल परियोजनाओं को स्वीकृति दी थी। इसमें ₹84.65 करोड़ से दुवारी से रोल रोड तक 2 लेन सड़क का चौड़ीकरण व सुदृढ़ीकरण किया जायेगा। साथ ही ₹68.45 करोड़ से बनासो से बुढ़गड़ा तक मार्ग का निर्माण किया जायेगा। जयंत सिन्हा के प्रयासों को एक और बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। हज़ारीबाग वासियों की बहुप्रतीक्षित मांग अब जल्द ही पूरी होने जा रही है। एनएच-522 (पूर्व में एनएच-100) पर हज़ारीबाग से बगोदर तक लगभग ₹744 करोड़ की लागत से 48 किलोमीटर लंबी 4 लेन सड़क का चौड़ीकरण व पुनर्निर्माण होगा। इसके निर्माण से यातायात बेहद सुगम व सुरक्षित बनेगा, जिससे यात्रियों को अत्यंत सुविधा होगी।

इससे क्षेत्र के विकास को भी गति मिलेगी। जयंत सिन्हा ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में हम हज़ारीबाग संसदीय क्षेत्र में सड़कों का जाल बिछा रहे हैं। क्षेत्र में रोड कनेक्टिविटी व निर्माण को निरंतर सुदृढ़ बनाया जा रहा है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व व नितिन गडकरी के मार्गदर्शन में पूरे देश समेत हज़ारीबाग व रामगढ़ में सड़क एवं राजमार्ग के निर्माण में अभूतपूर्व कार्य हो रहा है। इन सड़कों के निर्माण से यातायात सुगम व सुरक्षित बनेगा। जिससे यात्रियों को आवागमन में काफी सुविधा होने वाली है। उन्होंने इन जनकल्याणकारी व विराट परियोजनाओं के लिए प्रधानमंत्री जी व नितिन गडकरी जी का हज़ारीबाग वासियों की ओर से हार्दिक आभार व्यक्त किया।

 

You missed