
लिखित समझौते की अनदेखी पर भड़के मजदूर, विजयश्री ऑटो कॉम में अनिश्चितकालीन गेट जाम
रिपोर्टर – जगबंधु महतो
झामुमो के नेतृत्व में कंपनी गेट पर प्रदर्शन, उत्पादन ठप; मुख्यमंत्री और श्रम मंत्री तक मामला पहुंचाने की चेतावनी
गम्हरिया : औद्योगिक क्षेत्र फेज-5 स्थित विजयश्री ऑटो कॉम कंपनी में मजदूरों का असंतोष सोमवार को उग्र आंदोलन में तब्दील हो गया। प्रबंधन पर लिखित समझौते की शर्तों को लागू नहीं करने का आरोप लगाते हुए मजदूरों ने झामुमो के नेतृत्व में कंपनी के मुख्य द्वार पर अनिश्चितकालीन जाम कर दिया। इस दौरान मजदूरों ने प्रबंधन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आंदोलन के कारण कंपनी में उत्पादन कार्य पूरी तरह ठप हो गया।
आंदोलन का नेतृत्व कर रहे झामुमो गम्हरिया प्रखंड अध्यक्ष भोमरा मांझी ने बताया कि मजदूरों की विभिन्न समस्याओं और मांगों को लेकर 27 अगस्त को कंपनी प्रबंधन के साथ वार्ता हुई थी। इस वार्ता में झामुमो पदाधिकारियों और कंपनी प्रबंधन के अधिकारियों की मौजूदगी में लिखित समझौता हुआ था। समझौते के तहत प्रबंधन ने मजदूरों की अधिकांश मांगों को स्वीकार किया था। इतना ही नहीं, समझौते की छायाप्रति इसरो एवं श्रम विभाग को भी उपलब्ध कराई गई थी। इसके बावजूद दो महीने से अधिक समय बीत जाने के बाद भी प्रबंधन ने समझौते की शर्तों पर अमल नहीं किया। इससे मजदूरों में गहरा आक्रोश है।
इधर, आंदोलन की सूचना मिलने पर झामुमो जिलाध्यक्ष सुबेंदु महतो भी मौके पर पहुंचे और मजदूरों के आंदोलन का समर्थन किया। उन्होंने कहा कि मजदूरों के साथ लिखित समझौता कर उससे मुकरना प्रबंधन की मनमानी को दर्शाता है। मजदूरों के हितों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने प्रबंधन को अविलंब समझौते की शर्तें लागू करने की चेतावनी देते हुए कहा कि मांगें पूरी नहीं होने पर आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा। इस मामले को मुख्यमंत्री और श्रम मंत्री के समक्ष भी उठाया जाएगा।
वहीं, झामुमो केंद्रीय सदस्य कृष्णा बास्के ने कंपनी प्रबंधन पर मजदूरों की समस्याओं के प्रति उदासीन रवैया अपनाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि मजदूरों के अधिकारों की रक्षा के लिए झामुमो पूरी मजबूती से उनके साथ खड़ा है।
प्रदर्शन में झामुमो केंद्रीय सदस्य गणेश चौधरी,गणेश महाली, बीरेंद्र प्रधान, जिला सचिव बैद्यनाथ टुडू, राजेश गोप, प्रखंड उपाध्यक्ष राम महतो, गौतम महतो, जगदीश महतो और दुर्गा लाल समेत झामुमो के कई पदाधिकारी, कार्यकर्ता तथा बड़ी संख्या में मजदूर शामिल थे।
