राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य ममता कुमारी का सिदो कान्हू विश्वविद्यालय व परिसदन दुमका दौरा, महिलाओं के सशक्तिकरण पर दिया बल
रिपोर्ट: मौसम गुप्ता, दुमका
दुमका : राष्ट्रीय महिला आयोग की सदस्य ममता कुमारी ने आज सिदो कान्हू मुर्मू विश्वविद्यालय, दुमका का दौरा कर शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा की। विश्वविद्यालय परिसर में कुलपति से मुलाकात कर पठन-पाठन की स्थिति, शैक्षणिक वातावरण और छात्राओं की सुरक्षा सहित अन्य महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तृत चर्चा की। इसके पश्चात ममता कुमारी परिसदन दुमका पहुँची, जहाँ जिले के वरीय अधिकारियों के साथ एक उच्चस्तरीय बैठक की। बैठक में सरकार द्वारा संचालित महिला सशक्तिकरण से संबंधित योजनाओं के क्रियान्वयन की समीक्षा की गई और अधिकारियों को निर्देश दिया गया कि योजनाओं का लाभ समाज के अंतिम व्यक्ति, विशेष रूप से ग्रामीण व आदिवासी क्षेत्रों की महिलाओं तक अवश्य पहुँचे। अपने संबोधन में उन्होंने कहा,
“संथाल परगना की यह पावन भूमि हमेशा से वीरांगनाओं की धरती रही है। फूलो-झानो जैसी महान महिलाओं के बलिदान से हमें प्रेरणा मिलती है। आज ज़रूरत है कि हम उनके आदर्शों को आत्मसात करते हुए महिलाओं को हर क्षेत्र में सक्षम बनाएं।”परिसदन दुमका में आगमन पर परियोजना निदेशक, आइटीडीए द्वारा पुष्प गुच्छ भेंट कर स्वागत किया गया। यह दौरा विश्वविद्यालय समुदाय के लिए प्रेरणादायक सिद्ध हुआ, वहीं प्रशासनिक स्तर पर महिला उत्थान की दिशा में चल रही पहलों को भी नई गति मिली।
