Advertisements
Spread the love

खरसावां विधायक पर फर्जी नाम से चुनाव लड़ने का आरोप

Advertisements

रिपोर्टर – जगबंधु महतो

सरायकेला : खरसावां विधानसभा क्षेत्र के झामुमो विधायक दशरथ गागराई पर गंभीर आरोप लगे हैं। भूतपूर्व सैनिक लालजी राम तीयु ने आरोप लगाया है कि विधायक ने फर्जी नाम का इस्तेमाल कर चुनाव जीता और अपने भाई को भी सरकारी नौकरी दिलाई। इस संबंध में उन्होंने 28 जुलाई 2025 को मुख्य निर्वाचन आयुक्त, भारत निर्वाचन आयोग, नई दिल्ली को विस्तृत आवेदन भेजकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।

आवेदन में कहा गया है कि विधायक का वास्तविक नाम राम कृष्णा गागराई है, जबकि चुनाव लड़ने के लिए उन्होंने दशरथ गागराई नाम का उपयोग किया। आरोप है कि 2014, 2019 और 2024 के विधानसभा चुनावों में भी उन्होंने इसी बदले हुए नाम से नामांकन दाखिल किया। जबकि उनके शैक्षणिक एवं जन्म प्रमाण पत्रों में स्पष्ट रूप से राम कृष्णा गागराई दर्ज है।

इतना ही नहीं, आवेदन में यह भी उल्लेख है कि विधायक ने अपने भाई को भी फर्जी नाम का इस्तेमाल कर सीआरपीएफ (CRPF) में नौकरी दिलाई। इस दौरान प्रस्तुत दस्तावेजों में वास्तविक नाम और प्रयुक्त नाम में भिन्नता पाई गई।

लालजी राम तीयु ने यह भी आरोप लगाया है कि राम कृष्णा गागराई के विरुद्ध चोरी, डकैती और हत्या जैसे गंभीर आपराधिक मामले दर्ज हैं। विभिन्न थानों में उनके खिलाफ कई आपराधिक मामले लंबित हैं, जिनका विवरण आवेदन में संलग्न किया गया है।

आवेदन में भारतीय दंड संहिता (IPC) की धारा 419, 420, 467, 468, 471 तथा जनप्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 125A, 8A और 100 के तहत जांच और कार्रवाई की मांग की गई है। साथ ही प्रमाण स्वरूप जाति प्रमाण पत्र, नामांकन पत्रों की प्रतियां और अन्य दस्तावेज भी उपलब्ध कराए गए हैं।

आवेदनकर्ता ने निर्वाचन आयोग से आग्रह किया है कि मामले की निष्पक्ष जांच कर उचित कार्रवाई की जाए ताकि लोकतांत्रिक मूल्यों और जनप्रतिनिधित्व की पवित्रता बनी रहे।

You missed