
चांडिल में आजसू पार्टी की कोल्हान स्तरीय बैठक सम्पन्न, घाटशिला उपचुनाव में जीत की बनी रणनीति

चांडिल । आजसू पार्टी के केंद्रीय अध्यक्ष एवं झारखंड के पूर्व उपमुख्यमंत्री सुदेश महतो ने कहा कि झामुमो–कांग्रेस गठबंधन झारखंडी जनता के बीच विभाजन की राजनीति कर रहा है, जबकि झारखंड आंदोलन में सभी समुदायों ने मिलकर संघर्ष किया था। उन्होंने कहा कि झारखंडी एकता को तोड़ने की साजिश को नाकाम किया जाएगा।
घाटशिला विधानसभा उपचुनाव को लेकर आजसू पार्टी ने एनडीए प्रत्याशी बाबूलाल सोरेन की जीत सुनिश्चित करने के लिए व्यापक रणनीति तैयार की है। इस सिलसिले में चिलगु, चांडिल स्थित आजसू कार्यालय में कोल्हान स्तरीय बैठक आयोजित की गई, जिसमें सुदेश महतो समेत क्षेत्र के सभी प्रमुख नेता उपस्थित थे।
बैठक में आजसू पार्टी के प्रधान महासचिव एवं पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस को चुनाव प्रभारी, जबकि केंद्रीय महासचिव हरेलाल महतो और सागेन हांसदा को सह–प्रभारी नियुक्त किया गया।
संगठन को पंचायत एवं प्रखंड स्तर तक सक्रिय करने हेतु सभी पदाधिकारियों को स्पष्ट जिम्मेदारियां सौंपी गई हैं।
सुदेश महतो ने कहा कि आजसू पार्टी हमेशा एनडीए गठबंधन की मजबूत सहयोगी रही है और कार्यकर्ता बाबूलाल सोरेन की विजय के लिए पूरी निष्ठा से जमीनी स्तर पर जुट चुके हैं। उन्होंने कहा कि झारखंड की लड़ाई सभी समुदायों ने मिलकर लड़ी है, इसलिए वर्तमान सरकार द्वारा वैचारिक विभाजन पैदा करने की कोशिश राज्य की एकता और मूल भावना के विरुद्ध है। उन्होंने इसे “राजनीतिक लाभ के लिए प्रेरित कृत्रिम विभाजन” बताया।
चाईबासा में बच्चों की मौत पर सरकार की आलोचना
चाईबासा में एचआईवी संक्रमित इंजेक्शन से बच्चों की मौत पर चिंता व्यक्त करते हुए सुदेश महतो ने कहा कि यह सरकार की संस्थागत लापरवाही का परिणाम है। यह केवल एक डॉक्टर की नहीं, बल्कि पूरे स्वास्थ्य तंत्र की विफलता है। उन्होंने कहा कि मात्र दो लाख रुपये का मुआवजा किसी की जान की भरपाई नहीं कर सकता।
सरकार को पीड़ित परिवारों के साथ संवेदनशीलता दिखाते हुए दोषियों की जवाबदेही तय करनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि सरकार अपनी नाकामियों पर उठ रहे सवालों को दमन और लाठीचार्ज के माध्यम से दबाने का प्रयास कर रही है, जो लोकतंत्र के लिए दुर्भाग्यपूर्ण है। जनता अब इस सरकार की वास्तविकता समझ चुकी है और आने वाले चुनाव में इसका जवाब देगी।
एनडीए की प्रचंड जीत का विश्वास
सुदेश महतो ने अंत में कहा कि आजसू पार्टी एनडीए गठबंधन के साथ मिलकर घाटशिला उपचुनाव में बाबूलाल सोरेन की प्रचंड जीत सुनिश्चित करेगी। उन्होंने कहा कि जनता झारखंड के हित में सही निर्णय लेगी और वर्तमान सरकार को स्पष्ट संदेश देगी।
बैठक में उपस्थित प्रमुख नेता पूर्व मंत्री रामचंद्र सहिस, पूर्व विधायक डॉ. लम्बोदर महतो, केंद्रीय महासचिव हरे लाल महतो, सागेन हांसदा, सपन सिंह देव, नंदू पटेल, रांची जिप अध्यक्ष श्रीमती निर्मला भगत, संजय मेहता, राजू कर्मकार, जिलाध्यक्ष कन्हैया सिंह, सत्यनारायण महतो, सुखलाल हेंब्रम, बनबिहारी महतो, राजेश महतो, नवीन महतो, दुर्गा महतो, टिकैत महतो, करण महतो, दुर्योधन गोप, गोपेश महतो, दिगंबर सिंह, अरुण महतो, गौरी लायक, दिलीप प्रमाणिक, नंदन कुंज पात्र सहित अन्य वरिष्ठ पदाधिकारी उपस्थित थे।

