Advertisements
Spread the love

घाटशिला : शपथ ग्रहण समारोह से लौटे अर्जून मुंडा का भाजपाइयों ने किया स्वागत 

पश्चिम बंगाल में भाजपा सरकार के गठन और मुख्यमंत्री सुभेंदु अधिकारी के शपथ ग्रहण समारोह से लौटने के दौरान झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा का शनिवार को घाटशिला फूलडूंगरी चौक पर भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। कार्यकर्ताओं ने पूर्व सीएम को फूलमालाओं से लाद दिया और अंगवस्त्र पहनाकर सम्मानित किया।

Advertisements

सांसद प्रतिनिधि दिनेश साव के नेतृत्व में आयोजित स्वागत कार्यक्रम में भाजपा के घाटशिला मंडल अध्यक्ष विजय पांडेय ने अर्जुन मुंडा को मिठाई खिलाकर पश्चिम बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक जीत की बधाई दी। दिनेश साव ने कहा कि बंगाल में विशेषकर बांकुड़ा और झाड़ग्राम में भाजपा की सफलता में अर्जुन मुंडा की महत्वपूर्ण भूमिका रही है।

पत्रकारों से बातचीत करते हुए पूर्व सीएम अर्जुन मुंडा ने कहा कि पश्चिम बंगाल की जीत केवल किसी राजनीतिक दल की जीत नहीं, बल्कि वहां की जनता की लोकतंत्र, विकास, सुशासन और राष्ट्रहित के प्रति मजबूत आस्था का प्रतीक है। यह जनादेश देश की एकता, सांस्कृतिक गौरव और राष्ट्रवादी विचारधारा को और मजबूत करने वाला है। कहा कि शपथ ग्रहण समारोह के दौरान पीएम नरेंद्र मोदी ने पश्चिम बंगाल की माटी को प्रणाम कर जनता का आभार व्यक्त किया। भाजपा राज्य की जनता के विश्वास पर पूरी प्रतिबद्धता के साथ खरा उतरने का कार्य करेगी और पश्चिम बंगाल को शांति, समृद्धि एवं विकास के मार्ग पर आगे बढ़ाया जाएगा। अर्जुन मुंडा ने कहा कि मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी के नेतृत्व में राज्य में जन-जन की आकांक्षाओं को पूरा किया जाएगा। साथ ही उन्होंने दावा किया कि पश्चिम बंगाल चुनाव परिणाम का सकारात्मक प्रभाव झारखंड की राजनीति पर भी पड़ेगा। उन्होंने कहा कि भाजपा ने अलग झारखंड राज्य के सपनों को साकार किया था, लेकिन वर्तमान राज्य सरकार उन सपनों को कमजोर करने का काम कर रही है। भाजपा जनजातीय समाज सहित राज्य के आम नागरिकों के सपनों को पूरा करने के लिए लगातार संघर्ष करती रहेगी। उन्होंने वर्तमान झारखंड सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि सरकार के पास राज्य के विकास को लेकर कोई स्पष्ट सोच नहीं है और उसका एजेंडा केवल सत्ता तक सीमित है। जनता अब बदलाव चाहती है और आने वाले समय में इसका असर दिखाई देगा।

इस अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश साव, मंडल अध्यक्ष विजय पांडेय, काकुली सिंह, अमरदीप शर्मा, पूर्व जिला उपाध्यक्ष संजय अग्रवाल, गीता मुर्मू, पूर्व जिला महामंत्री हराधन सिंह, पूर्व जिला मंत्री राहुल पांडेय, सत्यनारायण पुष्टि, मुनमुन पांडेय, सिद्धार्थ राय, रिंकू अग्रवाल, सुमित सिंह राजपूत, सपन मुंडा, रवीना वाल्मीकि समेत बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित थे।

You missed