
बिजली-पानी संकट और कानून व्यवस्था के खिलाफ भाजपा का आक्रोश प्रदर्शन, मटका फोड़ जताया विरोध

दुमका ब्यूरो : मौसम गुप्ता
दुमका । मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी ने राज्य में व्याप्त बिजली संकट, पेयजल समस्या और बिगड़ती कानून व्यवस्था के विरोध में जोरदार आक्रोश प्रदर्शन किया। जिला मुख्यालय स्थित धरना मैदान में आयोजित कार्यक्रम का नेतृत्व भाजपा जिलाध्यक्ष रूपेश मंडल ने किया, जबकि झारखंड के पूर्व मंत्री Raj Paliwar मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता शामिल हुए। सभा को संबोधित करते हुए राज पलिवार ने राज्य सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि झारखंड में अराजकता, भ्रष्टाचार और तुष्टिकरण की राजनीति चरम पर है। उन्होंने आरोप लगाया कि राज्य की जनता बिजली, पानी और सुरक्षा जैसी बुनियादी सुविधाओं के लिए परेशान है, जबकि सरकार केवल सत्ता बचाने में लगी हुई है। उन्होंने कहा कि दुमका समेत पूरे राज्य में अघोषित बिजली कटौती से आम लोग त्रस्त हैं और ग्रामीण क्षेत्रों में खराब पड़े चापाकलों के कारण महिलाएं दूर-दराज के नदी और डोभा से दूषित पानी लाने को मजबूर हैं। राज पलिवार ने कहा कि भीषण गर्मी में लोग बूंद-बूंद पानी के लिए संघर्ष कर रहे हैं, लेकिन सरकार संवेदनहीन बनी हुई है। उन्होंने राज्य की कानून व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि अपराधियों का मनोबल बढ़ चुका है और आम जनता भय के माहौल में जी रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि थानों में शिकायत करने पर पुलिस अधिकारी फोन तक नहीं उठाते, जिससे लोगों का प्रशासन से भरोसा टूटता जा रहा है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए देवेंद्र कुंवर ने कहा कि राज्य सरकार हर मोर्चे पर विफल साबित हुई है। बिजली और पानी जैसी बुनियादी सुविधाएं भी लोगों को सही ढंग से उपलब्ध नहीं हो पा रही हैं। वहीं भाजपा जिलाध्यक्ष रूपेश मंडल ने कहा कि दुमका सहित पूरे राज्य में पुलिस व्यवस्था चौपट हो चुकी है और जनता की शिकायतों पर सुनवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि भाजपा जनता के अधिकारों के लिए सड़क से सदन तक संघर्ष करती रहेगी। सभा के बाद भाजपा कार्यकर्ताओं ने सिर पर मटका लेकर शहर में पैदल मार्च निकाला। कार्यकर्ता टीन बाजार होते हुए समाहरणालय पहुंचे और राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। समाहरणालय पहुंचकर कार्यकर्ताओं ने मटका फोड़कर अपना विरोध दर्ज कराया। इसके बाद भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने उपायुक्त के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में राज्य में निर्बाध बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने, बढ़ी हुई बिजली दर वापस लेने, जले ट्रांसफार्मरों को शीघ्र बदलने तथा फर्जी बिजली बिलों की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की गई। साथ ही बंद पड़े चापाकलों की मरम्मत, नल-जल योजना को शीघ्र पूरा करने और अस्पतालों व छात्रावासों में नियमित बिजली-पानी आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग भी उठाई गई।
भाजपा नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सरकार जल्द स्थिति में सुधार नहीं करती है तो आने वाले दिनों में आंदोलन को और उग्र किया जाएगा। कार्यक्रम में पार्टी के कई वरिष्ठ नेता और हजारों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

