
आदित्यपुर : ‘अबुआ सरकार’ में महिला अधिकारी से भिड़े झायुमो नेता, वीडियो वायरल हुई वायरल…
रिपोर्ट : जगबंधु महतो

# आवास बोर्ड कार्यालय में हाईवोल्टेज ड्रामा, महिला पदाधिकारी ने झायुमो जिलाध्यक्ष को लगाई फटकार
झारखंड राज्य में ‘अबुआ राज’ के नारे के साथ सत्ता में आई हेमंत सोरेन सरकार को अब अपने ही नेताओं के व्यवहार के कारण असहज स्थिति का सामना करना पड़ रहा है।
सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित झारखंड राज्य आवास बोर्ड कार्यालय में झारखंड युवा मोर्चा (झायुमो) के जिलाध्यक्ष डब्बा सोरेन और एक महिला पदाधिकारी के बीच तीखी नोकझोंक का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
जानकारी के अनुसार, हाल ही में आदित्यपुर नगर निगम चुनाव में हार का सामना करने वाले डब्बा सोरेन आशियाना चौक के दुकानदारों को आवास बोर्ड द्वारा जारी अतिक्रमण हटाओ नोटिस के विरोध में कार्यालय पहुंचे थे। इस दौरान उन्होंने मामले को राजनीतिक रंग देते हुए स्थानीय भाजपा विधायक चंपई सोरेन और मेयर संजय सरदार पर निशाना साधने की कोशिश की।
बैठक के दौरान माहौल अचानक गर्म हो गया और डब्बा सोरेन महिला पदाधिकारी से आक्रामक अंदाज में उलझ पड़े। हालांकि महिला अधिकारी ने भी सख्त रुख अपनाते हुए उन्हें मर्यादा में रहने की नसीहत दी और जमकर फटकार लगाई। दोनों के बीच हुई बहस का वीडियो अब सार्वजनिक हो चुका है, जिस पर राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।
घटना के बाद विपक्ष को सरकार पर हमला बोलने का मौका मिल गया है। वहीं, सत्ताधारी दल के नेताओं के आचरण और प्रशासनिक अधिकारियों के प्रति व्यवहार पर भी सवाल उठने लगे हैं।
