
“संगठन व्यक्ति से बड़ा” : राजद नेताओं ने 79वें जन्मदिवस समारोह में अनुशासन और एकता पर दिया जोर

रिर्पोटर – जगबंधु महतो
गम्हरिया : राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं सामाजिक न्याय की राजनीति के प्रमुख हस्ताक्षर लालू प्रसाद यादव के 79वें जन्मदिवस के अवसर पर गम्हरिया स्थित श्री राम डिवाइन पब्लिक स्कूल में कोल्हान क्षेत्र के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं द्वारा भव्य समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में केक काटकर जन्मदिवस मनाया गया तथा लगभग 200 जरूरतमंद लोगों के बीच गमछों एवं बच्चों को कॉपी-कलम वितरित कर सामाजिक सरोकार का संदेश दिया गया।
समारोह की अध्यक्षता राजद बुद्धिजीवी प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष जनार्दन कुमार ने की। कार्यक्रम में प्रदेश एवं जिला स्तर के कई वरिष्ठ पदाधिकारी तथा बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए।
अपने संबोधन में प्रदेश महासचिव कमलदेव सिंह ने कहा कि लालू प्रसाद यादव का जीवन गरीबों, किसानों, मजदूरों और वंचित वर्गों के अधिकारों की लड़ाई का प्रतीक रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने और संगठन को मजबूत करने का आह्वान किया।
प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीराम यादव ने कहा कि राजद की सबसे बड़ी ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। उन्होंने व्यक्तिगत मतभेदों को भुलाकर बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और सामाजिक न्याय की विचारधारा को आगे बढ़ाने का संकल्प लेने का आह्वान किया।
पूर्वी सिंहभूम जिला अध्यक्ष शंभूनाथ चौधरी ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ता नेतृत्व के निर्देशों का पालन करते हुए संगठन विस्तार और जनसरोकारों के मुद्दों को मजबूती से उठाएंगे। वहीं सरायकेला-खरसावां जिला अध्यक्ष बैजू कुमार ने कहा कि लालू यादव के संघर्ष और सामाजिक न्याय के संदेश को गांव-गांव तक पहुंचाना ही उनके प्रति सच्चा सम्मान होगा।
अपने अध्यक्षीय संबोधन में जनार्दन कुमार ने संगठनात्मक एकता और अनुशासन को सर्वोपरि बताते हुए कहा कि संगठन किसी भी व्यक्ति से बड़ा होता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं को आपसी मतभेद समाप्त कर पार्टी हित में एकजुट होकर कार्य करने की सलाह दी। साथ ही संगठन विरोधी गतिविधियों से दूर रहने और पार्टी के अधिकृत कार्यक्रमों में सक्रिय भागीदारी सुनिश्चित करने की अपील की।
कार्यक्रम में प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीराम यादव, प्रदेश महासचिव वीरेंद्र कुमार सिंह यादव एवं दीनानाथ सिंह, प्रदेश सचिव राजेश कुमार यादव एवं सुभाष यादव, जिला अध्यक्ष सिंटू पांडे, सकलदेव यादव, अधिवक्ता श्यामसुंदर यादव, विषनाथ प्रसाद वर्मा, संजय यादव, ब्रह्मदेव मंडल, शिवा यादव, वीरेन्द्र यादव, अर्जुन यादव और अरविंद कुमार यादव सहित अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। समारोह के माध्यम से राजद नेताओं ने सामाजिक न्याय, संगठनात्मक एकता और कार्यकर्ता आधारित राजनीति के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई।

