
फिट इंडिया का संदेश लेकर दलमा की ओर बढ़े धावक, केपी सोरेन ने दिखाई हरी झंडी

रिपोर्टर : जगबंधु महतो
स्वस्थ युवा, सशक्त समाज का संकल्प: 40 सदस्यीय मैराथन टीम दलमा ट्रैकिंग के लिए रवाना
गम्हरिया : मिशन फिट इंडिया अभियान के तहत रविवार को गम्हरिया स्थित घोड़ा बाबा मंदिर परिसर से मैराथन रनर्स ग्रुप (गम्हरिया) की 40 सदस्यीय टीम को झामुमो नेता कालीपद (केपी) सोरेन ने हरी झंडी दिखाकर दलमा ट्रैकिंग के लिए रवाना किया। इस अवसर पर उत्साह और जोश से भरे धावकों ने फिटनेस और स्वस्थ जीवनशैली को बढ़ावा देने का संकल्प लिया।
रवाना होने वाली टीम पारडीह काली मंदिर से दलमा पहाड़ की चढ़ाई करेगी और लोगों के बीच स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता फैलाने का कार्य करेगी। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में खेल प्रेमी, सामाजिक कार्यकर्ता एवं स्थानीय लोग मौजूद रहे। सभी ने धावकों का उत्साहवर्धन करते हुए उनके अभियान की सफलता की कामना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केपी सोरेन ने कहा कि आज के समय में स्वस्थ रहना सबसे बड़ी आवश्यकता बन गई है। नियमित व्यायाम, दौड़, योग और खेलकूद को जीवन का हिस्सा बनाकर कई बीमारियों से बचा जा सकता है। उन्होंने कहा कि फिट इंडिया अभियान केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि स्वस्थ भारत के निर्माण का जन आंदोलन है, जिसमें युवाओं की भागीदारी सबसे महत्वपूर्ण है।
उन्होंने युवाओं से नशे और अन्य बुरी आदतों से दूर रहकर खेल और फिटनेस को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि ऐसी गतिविधियां युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच का विकास करती हैं। दलमा ट्रैकिंग जैसे आयोजन शारीरिक क्षमता बढ़ाने के साथ-साथ प्रकृति से जुड़ने का अवसर भी प्रदान करते हैं।
केपी सोरेन ने मैराथन रनर्स ग्रुप के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि यह टीम समाज में स्वास्थ्य जागरूकता फैलाने का सराहनीय कार्य कर रही है। इस अवसर पर बीटी दास सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित थे। कार्यक्रम का समापन धावकों को शुभकामनाएं देकर किया गया।
Related posts:

