Advertisements
Spread the love

अयोध्या राम मंदिर ट्रस्ट पर राजद का बड़ा हमला, कैलाश यादव बोले– ‘अरबों की चोरी की निष्पक्ष जांच हो, ट्रस्ट तत्काल भंग किया जाए’

Advertisements
Advertisements

रिर्पोटर – जगबंधु महतो

चंपत राय व अनिल मिश्रा पर एफआईआर दर्ज करने की मांग, भाजपा पर धर्म के नाम पर राजनीति करने का लगाया आरोप

 

राष्ट्रीय जनता दल (राजद) झारखंड के प्रदेश प्रवक्ता कैलाश यादव ने अयोध्या स्थित श्रीराम जन्मभूमि मंदिर ट्रस्ट को लेकर गंभीर आरोप लगाते हुए कथित चोरी और वित्तीय अनियमितताओं की निष्पक्ष जांच की मांग की है। रविवार को जारी प्रेस बयान में उन्होंने कहा कि श्रीराम मंदिर जैसे विश्व प्रसिद्ध आस्था केंद्र में दान राशि और चढ़ावे में कथित गड़बड़ियों की खबरें सामने आना अत्यंत चिंताजनक और निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि मंदिर ट्रस्ट में आंतरिक सतर्कता की कमी के कारण करोड़ों-अरबों रुपये तथा अन्य बहुमूल्य संपत्तियों के दुरुपयोग की आशंका पैदा हुई है।
कैलाश यादव ने केंद्र सरकार और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि श्रीराम मंदिर निर्माण का राजनीतिक श्रेय लेने वाली भाजपा अब कथित वित्तीय अनियमितताओं पर मौन है। उन्होंने मांग की कि केंद्र सरकार श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को तत्काल भंग कर नई समिति का गठन करे, ताकि श्रद्धालुओं की आस्था बनी रहे और पूरे मामले की निष्पक्ष जांच सुनिश्चित हो सके।
राजद प्रवक्ता ने यह भी मांग की कि केवल कुछ लोगों के खिलाफ कार्रवाई पर्याप्त नहीं है। उन्होंने ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय और ट्रस्टी अनिल मिश्रा के खिलाफ भी प्राथमिकी दर्ज कर निष्पक्ष जांच कराने की मांग उठाई। उनका कहना है कि यदि जांच में कोई दोषी पाया जाता है तो उसके विरुद्ध सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए।
कैलाश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा ने वर्षों तक श्रीराम जन्मभूमि आंदोलन को राजनीतिक मुद्दा बनाकर जनसमर्थन हासिल किया, लेकिन अब मंदिर से जुड़े कथित अनियमितताओं के मामलों में जवाबदेही तय नहीं की जा रही है। उन्होंने कहा कि करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था से जुड़े इस मामले में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करना आवश्यक है।
(नोट: उपरोक्त समाचार राजद प्रवक्ता कैलाश यादव द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति और लगाए गए आरोपों पर आधारित है। इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है तथा संबंधित पक्ष का पक्ष प्राप्त होना शेष है।