
कुकड़ू में बिजली व्यवस्था सुधारने की पहल तेज, जिप उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने अधिकारियों के साथ की उच्चस्तरीय बैठक


रिपोर्टर – जगबंधु महतो
खुले तार हटाने से लेकर नए ट्रांसफार्मर व लाइनमैन की नियुक्ति तक उठी मांग, नियमित बिजली आपूर्ति पर बना रोडमैप
सरायकेला-खरसावां/कुकड़ू: प्रखंड कुकड़ू में लगातार बाधित हो रही बिजली आपूर्ति और उपभोक्ताओं की विभिन्न समस्याओं के समाधान को लेकर तिरुलडीह बिजली फीडर कार्यालय में गुरुवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता जिला परिषद उपाध्यक्ष मधुश्री महतो की उपस्थिति में हुई, जिसमें जिला कार्यपालक अभियंता (विद्युत), सरायकेला-खरसावां सहित विभागीय अधिकारी और सभी पंचायतों के बिजली उपभोक्ता शामिल हुए।
बैठक में क्षेत्र की बिजली व्यवस्था से जुड़ी ज्वलंत समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। जिप उपाध्यक्ष मधुश्री महतो ने कहा कि कुकड़ू प्रखंड के लोगों को निर्बाध और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने प्रथम चरण में प्रखंड कुकड़ू के लिए नियमित बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने की दिशा में आवश्यक कदम उठाने पर जोर दिया।
बैठक में कई महत्वपूर्ण मांगें अधिकारियों के समक्ष रखी गईं। इनमें खुले बिजली तारों को हटाकर केबल तार लगाने, जर्जर एवं टूटे हुए बिजली खंभों को बदलने, आवश्यकता अनुसार गांवों में नए ट्रांसफार्मर स्थापित करने, पर्याप्त संख्या में लाइनमैन की नियुक्ति करने तथा अनुभवी कर्मियों की नियमित तैनाती सुनिश्चित करने की मांग प्रमुख रही।
इसके अलावा बिजली मित्रों के माध्यम से प्रत्येक माह बिजली बिल स्लिप का संग्रह कराने, आकस्मिक बिजली बाधित होने की सूचना के लिए मोबाइल ग्रुप बनाने, किसानों को रैयती भूमि पर नए बिजली कनेक्शन उपलब्ध कराने तथा सहायक एवं कनीय अभियंताओं द्वारा नियमित रूप से क्षेत्र का निरीक्षण कर मरम्मत कार्य कराने की भी मांग उठाई गई। बिजली तार की चपेट में आकर जानवरों की मृत्यु होने पर लंबित मुआवजा राशि का शीघ्र भुगतान करने का मुद्दा भी प्रमुखता से रखा गया।
बैठक में मौजूद अधिकारियों ने उपभोक्ताओं की समस्याओं पर गंभीरता से विचार करते हुए आवश्यक कार्रवाई का भरोसा दिलाया। वहीं स्थानीय लोगों ने उम्मीद जताई कि बैठक में उठाए गए मुद्दों पर शीघ्र अमल होने से कुकड़ू प्रखंड की बिजली व्यवस्था में व्यापक सुधार देखने को मिलेगा।
Related posts:

