आदित्यपुर में नशे के सौदागरों पर पुलिस का बड़ा प्रहार, ताबड़तोड़ छापेमारी में भारी नगदी बरामद, एक गिरफ्तार


रिर्पोटर – जगबन्धु महतो
ड्रग्स माफियाओं की उलटी गिनती शुरू! आदित्यपुर पुलिस की एक साथ कई बस्तियों में रेड, नेटवर्क खंगालने का अभियान तेज
आदित्यपुर: सरायकेला – खरसावां जिले में बढ़ते नशे के कारोबार पर लगाम कसने के उद्देश्य से आदित्यपुर थाना पुलिस ने मंगलवार को व्यापक अभियान चलाते हुए ड्रग्स तस्करों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। पुलिस की अलग-अलग टीमों ने एक साथ राम मढ़ैया बस्ती, मुस्लिम बस्ती, इमली चौक समेत कई संवेदनशील इलाकों में दबिश देकर संदिग्ध ठिकानों की सघन तलाशी ली। इस कार्रवाई से पूरे क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गायारी ने बताया कि पुलिस को ड्रग्स की खरीद-बिक्री और उससे अर्जित अवैध धन के संबंध में लगातार गुप्त सूचनाएं मिल रही थीं। इन सूचनाओं के सत्यापन के बाद विशेष टीमों का गठन कर देर रात से ही अभियान शुरू किया गया, जो लगातार जारी है। एसपी ने बताया कि अब तक की कार्रवाई में बड़ी मात्रा में नगदी बरामद हुई है, जिसकी गिनती की जा रही है। मौके से एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जबकि इस अवैध कारोबार से जुड़े अन्य आरोपियों और उनके सहयोगियों की तलाश में लगातार छापेमारी की जा रही है। बरामद नगदी और अन्य सामान का विस्तृत विवरण जांच पूरी होने के बाद सार्वजनिक किया जाएगा।
इधर, ड्रग्स के खिलाफ अभियान के साथ-साथ पुलिस ने सार्वजनिक स्थलों, पार्कों, प्रमुख चौक-चौराहों तथा देसी-विदेशी शराब दुकानों के आसपास विशेष बाइक पेट्रोलिंग भी चलाई। बेवजह भीड़ लगाकर बैठे लोगों और संदिग्ध गतिविधियों में शामिल युवकों से पूछताछ की गई तथा उन्हें सख्त चेतावनी दी गई।
पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि आदित्यपुर क्षेत्र में नशे के कारोबार, असामाजिक गतिविधियों और कानून-व्यवस्था को प्रभावित करने वाले तत्वों के खिलाफ आगे भी इसी तरह लगातार अभियान चलाया जाएगा। किसी भी हाल में अवैध कारोबार करने वालों को बख्शा नहीं जाएगा।

