Spread the love

डालसा की तिहरी पहल : केंद्रीय कारा निरीक्षण, नशा मुक्ति जागरूकता और रक्तदान महाअभियान

Advertisements
Advertisements

Arjun Kumar…..✍️

रांची । न्यायमूर्ति-सह-कार्यपालक अध्यक्ष, झालसा सुजीत नारायण प्रसाद के दिशा-निर्देश, सदस्य सचिव झालसा कुमारी रंजना अस्थाना तथा न्यायायुक्त, रांची अनिल कुमार मिश्रा-1 के मार्गदर्शन में जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा), रांची द्वारा जनहित एवं विधिक जागरूकता से जुड़े तीन महत्वपूर्ण कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें बिरसा मुण्डा केंद्रीय कारागार का निरीक्षण, संत माईकल स्कूल में नशा उन्मूलन विषय पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम तथा 1 अगस्त को आयोजित होने वाले रक्तदान शिविर की घोषणा शामिल है । डालसा सचिव (ईंचार्ज) एवं एलएडीसी टीम ने बिरसा मुण्डा केंद्रीय कारागार का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान महिला वार्ड, पुरुष वार्ड, अस्पताल वार्ड, रसोईघर, पुस्तकालय सहित अन्य व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया गया। अस्पताल वार्ड में भर्ती बंदियों से उनके स्वास्थ्य, उपचार, मुकदमों एवं अन्य सुविधाओं की जानकारी ली गई। बंदियों को उपलब्ध कराए जा रहे भोजन की गुणवत्ता की जांच की गई तथा रसोईघर की साफ-सफाई का भी निरीक्षण किया गया । निरीक्षण के क्रम में औषधालय में दवाओं की उपलब्धता, एम्बुलेंस, व्हीलचेयर, ऑक्सीजन सिलेंडर, स्ट्रेचर एवं बेड की स्थिति का भी जायजा लिया गया। महिला वार्ड में महिलाओं को उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं की समीक्षा की गई। डालसा टीम ने कारा प्रशासन को सभी वार्डों एवं रसोईघर की नियमित साफ-सफाई सुनिश्चित करने तथा स्वच्छ वातावरण बनाए रखने के निर्देश दिए। इसी क्रम में नालसा स्कीम-2025 ‘डॉन’ के तहत संत माईकल स्कूल, जाजपुर सोपारोम (ईटकी रोड), रांची में नशा उन्मूलन विषय पर विधिक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। एलएडीसी सहायक पंकज कुमार शर्मा ने विद्यार्थियों को भारतीय संविधान के अनुच्छेद-47, एनडीपीएस अधिनियम, 1985 की धारा-8 एवं धारा-27 की जानकारी देते हुए नशीले पदार्थों के सेवन, उत्पादन एवं अवैध कब्जे से संबंधित कानूनी प्रावधानों और दंड के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने बताया कि नशा मुक्ति एवं पुनर्वास के लिए काँके स्थित पुनर्वास केंद्रों, विभिन्न गैर-सरकारी संस्थाओं तथा सीआईपी एवं रिनपास में संचालित लीगल एड क्लिनिक के माध्यम से जरूरतमंद लोगों को कानूनी एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। साथ ही नालसा के टोल-फ्री नंबर 15100 की जानकारी दी गई। कार्यक्रम में आगामी 12 सितम्बर 2026 को आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के संबंध में भी जानकारी दी गई तथा अंत में नशा उन्मूलन से संबंधित पंपलेट एवं लीफलेट का वितरण किया गया। डालसा, रांची एवं रिम्स ब्लड सेंटर, रांची के संयुक्त तत्वावधान में 1 अगस्त 2026 को प्रातः 10:00 बजे से व्यवहार न्यायालय परिसर, रांची में रक्तदान शिविर का आयोजन किया जाएगा। इस शिविर में इच्छुक नागरिक रक्तदान कर मानव सेवा के इस पुनीत कार्य में अपनी सहभागिता निभा सकेंगे। डालसा ने अधिक से अधिक लोगों से रक्तदान शिविर में भाग लेने की अपील की है। इस अवसर पर एलएडीसी चीफ प्रवीण कुमार श्रीवास्तव, एलएडीसी सहायक पंकज कुमार शर्मा, सौरभ पांडे, बीरेन्द्र प्रताप, इम्प्लॉयमेंट ऑफिस के आशुतोष कुमार गुप्ता, विधि छात्र अरुणाभ गोस्वामी, पीएलवी सोनम कुमारी, रीना लिंडा, फुलमनी देवी, प्रदीप नाग तथा कार्यालय कर्मी मोनु कुमार, अभिमन्यु कुमार, राहुल रंजन सहित अन्य लोग उपस्थित थे।