
कपाली में पुलिस का बड़ा एक्शन: लोडेड देशी कट्टा के साथ 10 मामलों का आरोपी गिरफ्तार
रिर्पोटर – जगबंधु महतो
वारदात से पहले पुलिस का शिकंजा: हथियार के साथ शातिर अपराधी दबोचा, साथी फरार
चाण्डिल: सरायकेला-खरसावां जिले के कपाली ओपी क्षेत्र में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक शातिर अपराधी को लोडेड देशी कट्टा और जिंदा कारतूस के साथ गिरफ्तार किया है। जबकि उसका एक साथी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया, जिसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
पुलिस के अनुसार, 31 जुलाई की शाम गुप्त सूचना मिली थी कि दो युवक स्कूटी से पुड़ीसिल्ली डोबो क्षेत्र में हथियार लेकर घूम रहे हैं और किसी आपराधिक घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं। सूचना मिलते ही एसडीपीओ चाण्डिल शिव कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। महतो होटल के पास घेराबंदी के दौरान पुलिस को देखते ही दोनों भागने लगे। पीछा कर एक आरोपी को दबोच लिया गया।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुड्डू उर्फ राकेश गोस्वामी (26), निवासी निर्मलनगर दोमुहानी, बिलासबस्ती, थाना सोनारी के रूप में हुई है। तलाशी में उसके पास से एक लोडेड देशी कट्टा और एक जिंदा गोली बरामद हुई। पुलिस ने हथियार जब्त कर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है।
जांच में खुलासा हुआ कि गुड्डू गोस्वामी के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट और एससी/एसटी एक्ट समेत कुल 10 संगीन मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। पुलिस का कहना है कि फरार आरोपी की तलाश जारी है और क्षेत्र में अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान आगे भी लगातार चलता रहेगा।
