
सरायकेला में सुरक्षा बलों का बड़ा ऑपरेशन, 22 लाख के तीन इनामी नक्सली हथियारों समेत गिरफ्तार
रिर्पोटर – जगबंधु महतो
नक्सल नेटवर्क पर करारा प्रहार: 15 लाख का इनामी मदन महतो सहित तीन उग्रवादी दबोचे, AK-47 बरामद
सरायकेला: झारखंड पुलिस और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के संयुक्त अभियान में सरायकेला-खरसावां जिले से नक्सल संगठन को बड़ा झटका लगा है। गुप्त सूचना के आधार पर चलाए गए विशेष सर्च ऑपरेशन में सुरक्षा बलों ने कुल 22 लाख रुपये के इनामी तीन सक्रिय नक्सलियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार उग्रवादियों में 15 लाख रुपये का इनामी मदन महतो, 5 लाख रुपये का इनामी रवि सरदार तथा 2 लाख रुपये की इनामी मीणा शामिल हैं। पुलिस के अनुसार मीणा, रवि सरदार की पत्नी है और संगठन की गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभा रही थी।
पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी के नेतृत्व में चलाए गए इस अभियान के दौरान सुरक्षा बलों ने आरोपियों के कब्जे से एक अत्याधुनिक AK-47 राइफल, एक पिस्टल तथा अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की है। अधिकारियों के मुताबिक, गुप्त सूचना मिलने के बाद इलाके की घेराबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया गया, जिसके बाद तीनों नक्सलियों को बिना किसी बड़े प्रतिरोध के गिरफ्तार कर लिया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि तीनों लंबे समय से नक्सली संगठन के लिए सक्रिय रूप से काम कर रहे थे और कई गंभीर मामलों में वांछित थे। पुलिस अब उनसे संगठन के नेटवर्क, हथियारों की आपूर्ति, आर्थिक स्रोतों और अन्य सहयोगियों के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है।
पुलिस का मानना है कि इस कार्रवाई से सरायकेला-खरसावां सहित कोल्हान क्षेत्र में सक्रिय नक्सली नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है। सुरक्षा एजेंसियों ने स्पष्ट किया है कि उग्रवाद के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और क्षेत्र में शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के लिए ऐसी कार्रवाई आगे भी होती रहेगी।
