Spread the love

आदित्यपुर में फल दुकान को लेकर विवाद: विहिप ने सौंपा ज्ञापन, प्रतिबंधित मांस सेवन के आरोप की जांच की मांग

Advertisements
Advertisements

रिर्पोटर : जगबंधु महतो

इमली चौक की घटना पर बढ़ी हलचल: धार्मिक भावनाएं आहत होने का आरोप, पुलिस से निष्पक्ष कार्रवाई की मांग

आदित्यपुर: आदित्यपुर थाना क्षेत्र के इमली चौक स्थित एक फल दुकान को लेकर विवाद सामने आया है। विश्व हिंदू परिषद (विहिप) के कार्यकर्ताओं ने एक फल विक्रेता पर दुकान परिसर में प्रतिबंधित मांस का सेवन करने का आरोप लगाते हुए आदित्यपुर थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है। संगठन ने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पाए जाने पर विधिसम्मत कार्रवाई की मांग की है।

विहिप के जिला अध्यक्ष डॉ. जेएन दास के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं का एक प्रतिनिधिमंडल आदित्यपुर थाना पहुंचा और थाना प्रभारी को ज्ञापन सौंपा। संगठन का कहना है कि उन्हें सूचना मिली थी कि इमली चौक स्थित फल दुकान में विक्रेता द्वारा दुकान परिसर में ही प्रतिबंधित मांस का सेवन किया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे और घटना का वीडियो भी रिकॉर्ड करने का दावा किया।
नगर अध्यक्ष ने कहा कि वर्तमान में सावन का पवित्र माह चल रहा है, जब बड़ी संख्या में श्रद्धालु पूजा-अर्चना के लिए फल खरीदते और मंदिरों में अर्पित करते हैं। ऐसे समय में यदि इस प्रकार की गतिविधि होती है तो इससे लोगों की धार्मिक भावनाएं आहत हो सकती हैं तथा सामाजिक सौहार्द पर भी प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है। उन्होंने कहा कि संगठन कानून का सम्मान करता है और पूरे मामले में केवल कानूनी प्रक्रिया के तहत कार्रवाई चाहता है।

विहिप ने संबंधित वीडियो और लिखित शिकायत पुलिस को सौंपते हुए मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है। वहीं, आदित्यपुर थाना प्रभारी ने शिकायत प्राप्त होने की पुष्टि करते हुए कहा कि पूरे मामले की जांच की जाएगी। जांच में जो भी तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।