Spread the love

दलमा में नक्सल नेटवर्क पर सबसे बड़ा प्रहार, जोनल कमांडर समेत तीन हार्डकोर माओवादी गिरफ्तार

Advertisements
Advertisements

रिर्पोटर – जगबंधु महतो

संयुक्त अभियान की बड़ी कामयाबी: AKM-47, इंसास और सैकड़ों कारतूस के साथ तीन हार्डकोर माओवादी दबोचे

सरायकेला :
सरायकेला-खरसावां जिले में नक्सल विरोधी अभियान के तहत सुरक्षा बलों ने एक बड़ी सफलता हासिल करते हुए भाकपा (माओवादी) के सक्रिय नेटवर्क को करारा झटका दिया है। झारखंड पुलिस, सीआरपीएफ, 203 कोबरा बटालियन और एसएसबी की संयुक्त टीम ने सुनियोजित अभियान चलाकर संगठन के जोनल कमांडर रवि सिंह सरदार उर्फ सागर सिंह सरदार सहित तीन हार्डकोर उग्रवादियों को गिरफ्तार किया है। अन्य गिरफ्तार आरोपियों में पश्चिम बंगाल-झारखंड-ओडिशा रीजनल कमेटी का सदस्य मदन महतो तथा मीना पहाड़िया उर्फ नेपू पहाड़िया शामिल हैं।

सरायकेला के पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गियारी ने प्रेस वार्ता में बताया कि चांडिल थाना क्षेत्र के उदयपुर (टीलाडीह) गांव में माओवादी किसी बड़ी वारदात की योजना बना रहे थे। गुप्त सूचना के आधार पर संयुक्त टीम ने इलाके की घेराबंदी कर अभियान शुरू किया। पहले चरण में रवि सिंह सरदार को एक लोडेड AKM-47 रायफल के साथ गिरफ्तार किया गया। उसकी निशानदेही पर कांदरबेड़ा क्षेत्र में छापेमारी कर दो अन्य उग्रवादियों को भी दबोच लिया गया।

गिरफ्तार उग्रवादियों की निशानदेही पर दलमा पहाड़ एवं आसपास के ठिकानों से सुरक्षा बलों ने भारी मात्रा में हथियार और विस्फोटक सामग्री बरामद की। बरामद सामान में एक AKM-47 रायफल, एक इंसास रायफल, 9 एमएम पिस्टल, 500 से अधिक जिंदा कारतूस, दो बंडल कोडेक्स वायर, मोटोरोला वॉकी-टॉकी, पुलिस बेल्ट, टॉर्च, छाता तथा एक पल्सर मोटरसाइकिल शामिल है।

203 कोबरा बटालियन के कमांडेंट पवन कुमार सिंह ने बताया कि गिरफ्तार उग्रवादी कोल्हान, सारंडा और सिंहभूम क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय थे तथा सुरक्षा बलों पर हमले, हथियार लूट, आईईडी विस्फोट और कई अन्य गंभीर नक्सली घटनाओं में उनकी संलिप्तता की जांच की जा रही है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में क्षेत्र में व्यापक सर्च ऑपरेशन लगातार चलाया जा रहा है। संयुक्त अभियान को नक्सल विरोधी अभियान की महत्वपूर्ण उपलब्धि माना जा रहा है।