13 साल से फरार स्थायी वारंटी समेत दो गिरफ्तार, भेजे गए न्यायिक हिरासत में


रिर्पोटर – जगबंधु महतो
खरसावां: पुलिस अधीक्षक सरायकेला-खरसावां के निर्देश पर लंबित वारंटों के निष्पादन को लेकर चलाए जा रहे अभियान के तहत आमदा ओपी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने अलग-अलग मामलों में न्यायालय से जारी वारंट के आधार पर दो वारंटियों को गिरफ्तार कर बुधवार को न्यायिक हिरासत में भेज दिया।
गिरफ्तार आरोपियों में 29/2013 मामले का स्थायी वारंटी करन चाकी, पिता चेके चाकी, शामिल है। पुलिस के अनुसार करन चाकी पिछले करीब 13 वर्षों से फरार चल रहा था। वहीं, दूसरे आरोपी की पहचान मंगता पाड़िया, पिता स्व. शंकर पाड़िया, के रूप में हुई है। उसके खिलाफ न्यायालय से एनबीडब्ल्यू (गैर-जमानती वारंट) जारी किया गया था।
पुलिस को दोनों वारंटियों की तलाश लंबे समय से थी। पुलिस अधीक्षक के निर्देश के बाद आमदा ओपी की टीम ने वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए अभियान तेज किया। इसी क्रम में पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करते हुए दोनों आरोपियों को न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया।
आमदा ओपी प्रभारी राम रेखा पासवान ने बताया कि न्यायालय से जारी लंबित वारंटों के निष्पादन को लेकर पुलिस लगातार अभियान चला रही है। फरार वारंटियों की गिरफ्तारी के लिए भी विशेष रूप से कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि कानून-व्यवस्था बनाए रखने और न्यायालय के आदेशों के अनुपालन को लेकर पुलिस की कार्रवाई आगे भी जारी रहेगी।
पुलिस की इस कार्रवाई से लंबे समय से लंबित वारंटों के निष्पादन की दिशा में महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है।

