















वाणी विद्या मंदिर स्कूल परिसर में मीना बाजार पर कांग्रेस ने उठाए सवाल, 24 घंटे में बंद कराने की मांग











रिपोर्टर – जगबंधु महतो
2000 से अधिक विद्यार्थियों की पढ़ाई और सुरक्षा प्रभावित होने का दावा, आयोजक पर कार्रवाई की मांग
गम्हरिया : छोटा गम्हरिया स्थित वाणी विद्या मंदिर हाई स्कूल, अंबेडकर नगर के परिसर में संचालित मीना बाजार को लेकर विवाद गहराता जा रहा है। विद्यालय परिसर में मेला लगाए जाने को लेकर भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की गम्हरिया प्रखंड कांग्रेस कमेटी ने सवाल उठाते हुए प्रशासन से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। प्रखंड अध्यक्ष अनिल ठाकुर ने अनुमंडल पदाधिकारी, सरायकेला-खरसावां को लिखित आवेदन सौंपकर मीना बाजार को 24 घंटे के भीतर बंद कराने और स्थल परिवर्तन कराने की मांग की है।
कांग्रेस की ओर से दिए गए आवेदन के अनुसार A.S.P. Enterprise के मैनेजर शेख अजहर द्वारा 10 अगस्त से 6 सितंबर 2026 तक वाणी विद्या मंदिर हाई स्कूल परिसर में मीना बाजार का संचालन किया जा रहा है। कांग्रेस ने विद्यालय परिसर में इस तरह के व्यावसायिक आयोजन को विद्यार्थियों की शिक्षा और सुरक्षा से जोड़ते हुए गंभीर चिंता जताई है।
2000 से अधिक विद्यार्थियों की सुरक्षा का सवाल
प्रखंड अध्यक्ष अनिल ठाकुर का कहना है कि विद्यालय में 2000 से अधिक छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। विद्यालय परिसर का मैदान पढ़ाई से जुड़ी गतिविधियों, खेलकूद और अन्य शैक्षणिक कार्यक्रमों के लिए उपयोग किया जाता है। ऐसे में लंबे समय तक मेला संचालित होने से विद्यार्थियों की पढ़ाई, खेलकूद और आवागमन प्रभावित होने के साथ सुरक्षा संबंधी समस्याएं उत्पन्न होने की आशंका है।
आवेदन में आसपास के क्षेत्र में बाइक चोरी, मारपीट, गाली-गलौज, असामाजिक तत्वों के जमावड़े और छात्राओं से छेड़छाड़ जैसी शिकायतों का भी उल्लेख किया गया है। कांग्रेस ने इन शिकायतों के मद्देनजर विद्यालय परिसर में मेला संचालन को लेकर प्रशासन से गंभीरता से जांच करने की मांग की है।
भूमि विवाद और न्यायालय में मामला लंबित होने का भी हवाला
कांग्रेस ने आवेदन में मेला स्थल से जुड़े कथित भूमि विवाद तथा विद्यालय प्रबंधन से संबंधित मामला न्यायालय में लंबित होने का हवाला देते हुए आयोजन की अनुमति और स्थल चयन पर भी सवाल उठाए हैं। पार्टी ने प्रशासन से यह स्पष्ट करने की मांग की है कि विद्यालय परिसर में इतने लंबे समय के लिए मेला लगाने की अनुमति किन परिस्थितियों में दी गई।
24 घंटे में कार्रवाई, नहीं तो आंदोलन की चेतावनी
कांग्रेस प्रखंड अध्यक्ष ने प्रशासन से 24 घंटे के भीतर मीना बाजार बंद कराने और उसका स्थल परिवर्तन कराने की मांग की है। साथ ही आयोजक शेख अजहर के विरुद्ध नियमों के उल्लंघन की जांच कर दोष पाए जाने पर संबंधित धाराओं के तहत कानूनी कार्रवाई करने की मांग की गई है।
आवेदन में यह भी कहा गया है कि यदि 48 घंटे के भीतर प्रशासन की ओर से कार्रवाई नहीं की गई, तो क्षेत्र की जनता के साथ आंदोलन किया जाएगा। कांग्रेस ने इसकी जिम्मेदारी प्रशासन पर होने की बात कही है।
फिलहाल मामले को लेकर स्थानीय लोगों की निगाहें प्रशासन के अगले कदम पर टिकी हैं। अब देखना होगा कि प्रशासन विद्यालय परिसर में संचालित मीना बाजार को लेकर क्या निर्णय लेता है और कांग्रेस की मांग पर कितनी जल्दी कार्रवाई होती है।






