
चाकुलिया: भजनों की मधुर धुन पर झूमे श्रद्धालु, मानस महोत्सव के दूसरे दिन सजा भक्ति का दरबार
संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया नगर पंचायत क्षेत्र के पुराना बाजार स्थित मानस नगर (स्टील फैक्ट्री परिसर) में आयोजित सात दिवसीय मानस चतु:शती स्वर्ण जयंती महोत्सव के दूसरे दिन मंगलवार की सुबह भजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान स्थानीय भजन मंडली ने एक से बढ़कर एक भक्ति गीत प्रस्तुत कर पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया.

भजन गायक अमित शर्मा उर्फ नट्टू शर्मा ने गणेश वंदना के साथ भजन कार्यक्रम की शुरुआत की. इसके बाद उन्होंने ‘सजा दो घर को गुलशन सा, प्रभु श्रीराम आए हैं’, ‘कीजो केसरी के लाल मेरो छोटो सो ये काम’, ‘जाके राम जी कह देना जय सियाराम’, ‘तीन बाण के धारी, तीनों बाण चलाओ ना’, ‘श्रीराम जानकी बैठे हैं मेरे सीने में’, ‘मेरे रघुवर तेरा सहारा है, मेरी नैया का तू किनारा है’, ‘जगन्नाथ जगन्नाथ चका नैन चका नैन नीलाचल वारे तू ना संभाले तो हमें कौन संभाले’ तथा ‘छोटो सो बानर चट कर गयो रे भाया’ जैसे लोकप्रिय भजनों की प्रस्तुति दी.

भजनों की मधुर धुन और भक्तिमय संगीत पर श्रद्धालु भावविभोर होकर झूमते नजर आए. विशेष रूप से भगवान श्रीराम और हनुमान जी की भक्ति से जुड़े भजनों ने श्रोताओं को खूब आनंदित किया. पूरे कार्यक्रम के दौरान मानस नगर का माहौल राममय बना रहा.

इस मौके पर सीताराम शास्त्री महाराज, रवि झुनझुनवाला, संजय लोधा, गणेश प्रसाद रुंगटा, प्रभात झुनझुनवाला, आलोक लोधा, अमित भारतीय, युगल किशोर क्याल, गौतम शर्मा, विशाल शर्मा समेत काफी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित थे.
