
चाकुलिया: 3 दिसंबर को विश्व दिव्यांग दिवस विरोध दिवस के रूप में मनाएंगे, विधायक कार्यालय का करेंगे घेराव
संवाददाता: विश्वकर्मा सिंह
चाकुलिया के कमारीगोड़ा में दिव्यांग, विधवा, वृद्धा एवं आदिम जनजाति पेंशनधारियों की विभिन्न समस्याओं और लंबित पेंशन भुगतान को लेकर मंगलवार को एक बैठक आयोजित की गई. बैठक में आगामी 3 दिसंबर को विश्व दिव्यांग दिवस विरोध दिवस के रूप में मनाने तथा बहरागोड़ा विधानसभा क्षेत्र के विधायक कार्यालय का घेराव करने का निर्णय लिया गया.
बैठक में पेंशनधारियों ने आरोप लगाया कि अप्रैल से अब तक इंदिरा गांधी राष्ट्रीय दिव्यांग पेंशन, विधवा पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन एवं आदिम जनजाति पेंशन का भुगतान नहीं किया गया है. इसके कारण लाभुकों को पिछले आठ महीने से आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है.

बैठक में कहा गया कि दिव्यांग, वृद्ध, विधवा एवं आदिम जनजाति पेंशनधारियों के साथ भेदभावपूर्ण व्यवहार किया जा रहा है. वर्तमान में लाभुकों को मात्र 1000 रुपये प्रतिमाह पेंशन दी जा रही है, जबकि महंगाई के इस दौर में इतनी कम राशि से जीवनयापन करना मुश्किल है. पेंशनधारियों ने न्यूनतम 6000 रुपये प्रतिमाह पेंशन देने की मांग उठाई.
बैठक में निर्णय लिया गया कि 3 दिसंबर को विश्व दिव्यांग दिवस के अवसर पर विधायक कार्यालय का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया जाएगा. इसके अलावा 5000 रुपये प्रतिमाह पेंशन वृद्धि की मांग को लेकर प्रखंड से लेकर जिला स्तर तक आंदोलन किया जाएगा.

वहीं, वर्ष 2027 में दिव्यांग, विधवा, वृद्ध एवं सर्वजन पेंशनधारियों की समस्याओं को लेकर चाकुलिया डाक बंगला परिसर में एक विशाल सम्मेलन आयोजित करने का भी निर्णय लिया गया.
इस मौके पर दिव्यांग मोर्चा के अध्यक्ष गंगा नारायण दास, कनक चंद्र दास, कृष्ण पद महतो, पेशेवर नायक, भूपति नायक, तरुण गोप, निर्मल पातर, दिनेश महतो, अजीत बेरा, राखाल गोप, रूपाली बेरा, आरती दास, मिनती दास, संध्या रानी दास, दुलारी सबर, रोहिणी सबर, शकुंतला देवी, पुष्पा महतो आदि उपस्थित थे.
