
चौका में पुलिस की बड़ी कार्रवाई,बंद स्कूल में जुटे 6 अपराधी हथियारों संग दबोचे, पूछताछ में तीन लूट-छिनतई कांडों का खुलासा
रिर्पोटर : जगबंधु महतो
चौका : सरायकेला-खरसावां में बड़ी वारदात को अंजाम देने की तैयारी कर रहे अपराधियों के मंसूबों पर चौका पुलिस ने पानी फेर दिया। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने बंद पड़े एक स्कूल में छापेमारी कर छह कुख्यात अपराधियों को हथियारों समेत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की इस कार्रवाई से इलाके में संभावित बड़ी डकैती टल गई।
मामले का खुलासा पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गायारी ने चौका थाना में आयोजित प्रेस वार्ता में किया। एसपी के निर्देश पर चौका थाना प्रभारी गौरव कुमार और कुचाई थाना प्रभारी रविन्द्र कुमार मुंडा के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई थी। सूचना थी कि मटकमडीह के टोला चुटियाखाल स्थित बंद नव प्राथमिक विद्यालय बरियाबेड़ा में अपराधियों का जमावड़ा लगा है और वे किसी बड़ी वारदात की तैयारी कर रहे हैं।
पुलिस टीम ने रणनीति बनाकर स्कूल को चारों ओर से घेर लिया। अचानक हुई कार्रवाई से अपराधियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला और छह आरोपी पुलिस के हत्थे चढ़ गए।
अपराधियों के पास मिला हथियारों का जखीरा
गिरफ्तार आरोपियों के पास से तीन पिस्टल, एक जिंदा KF 7.65 कारतूस, लोहे का चाकू, दाउली और हथौड़ी बरामद हुई। इसके अलावा तीन मोटरसाइकिल, सात मोबाइल फोन, हेलमेट और वारदात में इस्तेमाल टी-शर्ट भी पुलिस ने जब्त की है।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मोनसा सिंह मुंडा, चम्बुराम मुंडा उर्फ चमुरा, सोमा मुंडा उर्फ सब्जी, देबेन मुंडा, सोमा मुंडा उर्फ करपा और रामजीत मुंडा उर्फ मंगरा मुंडा के रूप में हुई है।
पूछताछ में खुली अपराध की ‘कुंडली’
पुलिस पूछताछ में आरोपियों ने हाल के तीन लूट और छिनतई कांडों में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। इनमें 19 अगस्त को बनसा शराब दुकान में लूट का प्रयास, उसी दिन उरमाल स्थित माधुरी पेट्रोल पंप से मोबाइल व नकदी लूट तथा 3 सितंबर को घाटदुलमी के माउंट 10 व्यू होटल में दो मोबाइल की छिनतई शामिल है।
पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर लूटे गए मोबाइल भी बरामद कर लिए हैं। चौका थाना में कांड संख्या 39/2026 दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेजने की कार्रवाई की जा रही है।
पुलिस की इस कार्रवाई को इलाके में अपराधियों के खिलाफ बड़ी कामयाबी माना जा रहा है।

