
अवैध कमाई के शक में रची गई थी आदित्यपुर गोलीकांड की साजिश, रिश्तेदार ने साथियों संग कराया हमला
रिपोर्टर – जगबंधु महतो
मुस्लिम बस्ती में फायरिंग का खुलासा: घर में रखे कथित काले धन की लालच में रची खूनी साजिश, दो गिरफ्तार
आदित्यपुर: आदित्यपुर थाना क्षेत्र की मुस्लिम बस्ती में 25 सितंबर की रात हुई गोलीबारी की घटना का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस जांच में सामने आया है कि कथित अवैध कमाई के रुपये की लालच में वारदात की साजिश रची गई थी। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि मुख्य आरोपी समेत अन्य फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है।
सरायकेला एसडीपीओ अनुभव भारद्वाज ने बताया कि 25 सितंबर की रात करीब 10 बजे कल्लू खान के घर पर कुछ अपराधी आपराधिक नीयत से पहुंचे थे। बताया गया कि आरोपियों को शक था कि घर में बड़ी मात्रा में अवैध कमाई का पैसा रखा हुआ है। करीब एक घंटे तक बातचीत के बहाने घर में रुकने के बाद अचानक फायरिंग शुरू कर दी गई। इस दौरान अब्दुल जाफर के सिर को छूते हुए गोली निकल गई। घायल का इलाज टीएमएच जमशेदपुर में चल रहा है। घटना के बाद स्थानीय लोगों ने एक आरोपी प्रकाश चंद्र नायक को पकड़ लिया। भीड़ की पिटाई में घायल प्रकाश को पुलिस ने एमजीएम अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस के अनुसार, ओडिशा के नयागढ़ निवासी प्रकाश का आपराधिक इतिहास रहा है और वह पूर्व में हत्या व डकैती के मामले में आजीवन कारावास की सजा काट चुका है।
मामले की जांच के लिए एसडीपीओ के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने ओडिशा के मयूरभंज जिले के जशीपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर 19 वर्षीय बबलू महतो उर्फ पद्मलोचन मोहंता को गिरफ्तार किया। पुलिस ने आदित्यपुर थाना कांड संख्या 269/2026 दर्ज किया है। मुख्य आरोपी शेख अजहरुद्दीन, कादिम खान और अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर छापेमारी जारी है।
